SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'जिन्होंने जनता का हक छीना, उन्हें माफ कैसे करूं': CEC ज्ञानेश कुमार पर ममता का तीखा वार

वोटर लिस्ट के SIR विवाद पर ममता बनर्जी ने दिल्ली में चुनाव आयोग के चीफ ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला बोला और कहा कि लोगों का वोट छीनने वाले ज्ञानेश नहीं, असल में 'वैनिश कुमार' हैं. आइए जानते हैं उन्होंने क्या आरोप लगाए हैं..

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 01, 2026, 04:56 PM IST | Updated: Oct 01, 2026, 05:17 PM IST
Image Credit: SIR विवाद पर बिफरीं ममता बनर्जी
Join

वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR पर सियासत गरमाई हुई है. चुनाव आयोग और बीजेपी के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट नजर आ रहा है. 1 अक्टूबर को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोला है. उनका कहना है कि ज्ञानेश कुमार ने आम जनता से उसका वोट देने का बुनियादी हक छीनने की कोशिश की है, और देश की जनता उन्हें इस बात के लिए कभी माफ नहीं करेगी.

ममता बनर्जी ने कहा 'अभी जो कुर्सी पर बैठे हैं, उन 'वैनिश' कुमार को लेकर काफी चर्चा चल रही है. हम तो शुरू से ही जनता के हक और उनके वोट देने के अधिकार को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं. हम पहले दिन से ही उन्हें 'वैनिश' कह रहे हैं. मैं तो उनका नाम तक अपनी जुबान पर नहीं लाती, क्योंकि जिन्होंने जनता से उनका अधिकार छीनने का काम किया हो, मैं उन्हें माफ कैसे कर सकती हूं?'.

विपक्षी दलों को सतर्क रहने की सलाह दी

ममता बनर्जी ने बिहार में हुए घटनाक्रम का हवाला देते हुए विपक्षी दलों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा 'बिहार में, जब SIR प्रोसेस पूरा हो गया था, तो कांग्रेस और RJD ने वोटर डिलीट करने का मुद्दा उठाया था, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डिटेल्स की स्टडी करने की जरूरत थी. उन्होंने कोशिश की, लेकिन इस SIR के साथ, आपको हर चीज को इंच-इंच, बूथ-बूथ, पोलिंग स्टेशन-पोलिंग स्टेशन देखना होगा.'

ममता बनर्जी ने दावा किया कि SIR पर पहले कोई चर्चा तक नहीं करता था, लेकिन जब हमने पश्चिम बंगाल से इसके खिलाफ मोर्चा खोला, तब जाकर इस पर बहस शुरू हुई. उन्होंने कहा, 'हम पीड़ितों को साथ लेकर चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे थे, लेकिन वहां हमारी बुरी तरह बेइज्जती की गई. सितंबर 2025 तक तो बंगाल के हालात ऐसे बना दिए गए थे, मानो वहां राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया हो.'

ममता बनर्जी का आरोप है कि हाल में पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम लोगों को टीएमसी को वोट ना देने की धमकी दी गई. उन्होंने कहा 'बंगाल चुनाव में सिक्योरिटी वाले घर-घर गए, लोगों को TMC को वोट न देने की धमकी दी.' इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में वोटरों के नाम सूची से हटाने का आरोप लगाते हुए कहा जिन इलाकों में TMC जीती, वहां ज्यादा नाम हटाए गए.

हवा से गिरा 'ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो' का बैनर

ममता बनर्जी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक बड़ा ही अजीब नजारा देखने को मिला. हुआ ये कि ममता मीडिया से बात कर ही रही थीं तभी अचानक तेज हवा चली और उनके ठीक पीछे लगा बड़ा सा बैनर नीचे गिर गया. उस बैनर पर मोटे-मोटे अक्षरों में लिखा था 'ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो, भारत में वोटों की चोरी' बैनर गिरते ही मंच पर थोड़ी हलचल मची और पार्टी के कार्यकर्ताओं से उसे फौरन थामने को कहा गया. इसके बाद जब तक ममता की पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस चली, कार्यकर्ता उस बैनर को दोनों हाथों से पकड़कर पीछे खड़े रहे. 

ये भी पढ़ें: फॉर्म 6 पर बवाल: किसने दिया आदेश? राहुल गांधी ने EC से पूछा सवाल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES