जब मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग, तभी पुणे में कारोबारी पर भी हमला; इन घटनाओं में कोई कनेक्शन या संयोग; क्यों उठे ये सवाल?
महाराष्ट्र में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को सकते में ला दिया है. रविवार शाम एक्टर टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावरों ने फारिंग कर दी, तो पुणे के बारामती में एक व्यापारी पर भी बदमाशों ने हमला किया. हैरान करने वाली बात है कि दोनों घटनाओं का वक्त करीब एक था.
Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार (18 अक्टूबर) की शाम बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की. इस हमले में एक्टर ड्राइवर समेत एक अन्य शख्स को चोट लगी है. घटना में एक्टर भी घायल हुए हैं. हैरान करने वाली बात है कि जिस दौरान बदमाशों ने एक्टर को निशाना बनाया, उसी वक्त मुंबई से सटे पुणे के बारामती में एक व्यापारी पर भी हमला हुआ.
इन दोनों घटनाओं के बाद महाराष्ट्र के लोग सहम उठे हैं. पुलिस के अनुसार, पुणे के बारामती एयरपोर्ट के पास एक शिपिंग कंपनी के मालिक पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने पहले उन्हें फूलों का गुलदस्ता देने का बहाना किया और फिर उन पर हमला कर दिया. शिपिंग कंपनी के मालिक राणा दिलीप सूर्यवंशी किसी निजी काम से बारामती आए थे. इसी दौरान स्कूटर पर सवार दो लोग उनके पास आए और हमला कर दिया.
व्यवसायी को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद पीड़ित को आगे के इलाज के लिए पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं. अस्पताल के CEO मुदित सक्सेना ने बताया कि मेडिकल टीम सूर्यवंशी की हालत पर लगातार नजर रख रही है. बारामती में हुई इस घटना पर महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने इस घटना की निंदा की है.
सरकार ने कहा- दोषियों को खिलाफ होगा सख्त एक्शन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डिप्टी सीएम ने लिखा कि बारामती एयरपोर्ट इलाके में राणा शिपिंग कंपनी के मालिक राणा सूर्यवंशी पर हुआ हमला बेहद गंभीर मामला है. हम इस मामले की तह तक जाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. नागरिकों की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हम राणा सूर्यवंशी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं.
निजी काम से आए थे, हमलावरों ने निशाना बनाया
बारामती में हुई इस घटना पर उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) चैतन्य कदम ने कहा कि स्कूटर पर सवार दो संदिग्धों ने शिपिंग कंपनी के मालिक के पास आकर अचानक उन पर हमला कर दिया. उन्होंने कहा कि राणा सूर्यवंशी किसी निजी काम से वहां आए थे और उनके साथ उनका निजी अंगरक्षक भी था. स्कूटर पर सवार दो लोग उनके पास आए और फूलों का गुलदस्ता देने के बहाने उन पर हमला कर दिया. उन्हें आगे के इलाज के लिए पुणे भेज दिया गया है.
सुप्रिया सुले ने क्या कहा?
व्यवसायी पर हुए हमले को लेकर एनसीपी (SP) सांसद सुप्रिया सुले ने राज्य सरकार को घेरा है. उन्होंने एक एक्स पोस्ट में कहा कि बारामती हवाई अड्डे के पास राणा शिपिंग कंपनी के मालिक राणा सूर्यवंशी पर हुई गोलीबारी की खबर बेहद चौंकाने वाली है. गनीमत है कि वे बच गए हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
उन्होंने लिखा कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की बदतर स्थिति को दर्शाती है. अपराधी बेखौफ होकर गोलीबारी कर रहे हैं और फरार हो रहे हैं, जबकि गृह विभाग पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है. आम जनता डर के साये में जी रही है और ऐसा लगता है जैसे अपराधियों को खुली छूट मिल गई है.
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर भी हुआ हमला
गौर करने वाली बात है कि रविवार शाम को ही बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला किया. जुहू में जब एक्टर एक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे, तभी बाइक पर आए तीन लोगों ने एक्टर की कार पर फायरिंग कर दी. इस घटना के बाद खलबली मच गई.
मुंबई और पुणे में एक साथ हुई उन दो वारदातों के बाद सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या दोनों हमलों में कोई कनेक्शन था या यह केवल एक संयोग था. हालांकि, महाराष्ट्र पुलिस की ओर से दोनों घटनाओं के जुड़े होने से संबंधित कोई जानकारी नहीं साझा की है. फिलहाल दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है. एक्टर पर हमले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है.
यह भी पढ़ें: पानीपत से पाप की दुनिया तक...कौन है लॉरेंस का खास अनिल पंडित, जिसने टाइगर श्रॉफ पर कराया हमला; ऐसी है क्राइम कुंडली
यह भी पढ़ें: 'मैं रिक्शा निकाल रहा था, अचानक फायर धांय-धांय'...चश्मदीदों की जुबानी, टाइगर को 'टारगेट' करने की कहानी