मुंबई पुलिस टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच में तेजी लाते हुए अपनी इन्वेस्टिगेशन का दायरा बढ़ाते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. उनमें से एक महाराष्ट्र और दो हरियाणा के रहने वाले हैं. उधर मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ का बयान ले लिया है. हमले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है. टाइगर को टारगेट करने जो तीन हमलावर आए थे, उनकी तस्वीरें भी सामने आ चुकी थीं. अब आपको चश्मदीदों की जुबानी पूरे घटनाक्रम का आंखो-देखा हाल बताते हैं कि कैसे भगवान की कृपा से एक बड़ी वारदात टल गई.
इससे पहले पुलिस ने पीले रंग की एक पल्सर बाइक बरामद करके उसके मालिक से पूछताछ की थी. इस बीच हमले के दौरान मौका ए वारदात पर मौजूद कुछ चश्मदीदों ने सामने आकर उस खौफनाक हमले की जानकारी मीडिया से साझा की है.
जिस समय टाइगर पर गोली चलाई गई उस समय समोसा पाव लेने जा रहे सनी तिवारी ने उस घटनाक्रम को अपनी आंखों से देखा. सनी ने बताया कि कैसे इस वारदात को अंजाम दिया गया. सनी ने ये भी बताया कि हमलावरों के चेहरे पर जरा भी डर नहीं था.
पास ही की एक बिल्डिंग में वाचमैन का काम करने वाले सनी ने बताया कि तीन लोग थे. रेसिंग बाइक जैसी मोटर साइकिल से आए. वो टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के नजदीक जाते हैं, जैसे ही गाड़ी आगे बढ़ी, वैसे ही 4 से 5 राउंड गोली चलाई गई. हमलावरों में से एक ने टोपी पहनी थी. दूसरे का हाथ खाली था. तीसरे ने हेलमेट पहना था. उस समय सड़क पर बहुत सारे लोग थे.
टाइगर पर हमले के दौरान चश्मदीद का बयान. #TigerShroff #tigershroffnews https://t.co/aXNdcLa6kX
— Shwetank Ratnamber (@swwetanksr) October 19, 2026
टाइगर पर हमले के एक और चश्मदीद गवाह और ऑटो-रिक्शा चालक राकेश कुमार ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि शाम 7:00 बजे करीब वो वहीं मौके पर मौजूद थे. अचानक तीन लोग नजर आते हैं. एक मोटरसाइकिल पर था, जबकि दो नीचे खड़े थे. एक गेट के पास और दूसरा उससे थोड़ा आगे. जब फायरिंग शुरू हुई, तो हमलावरों में से एक ने सामने से उस सीट को निशाना बनाकर गोली चलाई जहां टाइगर श्रॉफ बैठे थे. गेट के पास खड़े दूसरे शख्स ने जो फायर किया, वो गोली टाइगर की कार चला रहे ड्राइवर के हाथ में लगी.

रविवार को हुई फायरिंग में दो लोग घायल हुए थे. पुलिस ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा समेत कई सेलिब्रिटीज की सुरक्षा बढ़ाई गई है. इसी सिलसिले में मुंबई के बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित सलमान खान के घर की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि जो भी सलमान का साथ देगा, या उसके साथ काम करेगा, सबको निशाना बनाया जाएगा. इस दौरान फिल्म निर्माता अमित जानी को कुछ गैगस्टरों ने जान से मारने की धमकी दी है.
मुंबईकरों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस और डिप्टी सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के बयान भी सामने आए. फडणवीस ने कहा है कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं हैं. कायर और डरपोक इस तरह वार करते हैं. शिंदे ने कहा, मुंबई में किसी की दादागिरी नहीं चलेगी. अपराधियों को उनकी भाषा में जवाब मिलेगा. सुनेत्रा पवार ने भी हमले की निंदा की है.