)
भारत में आतंक का पर्याय बना कुख्यात गैंगेस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है. हरियाणा STF ने इस बात की पुष्टि की है. जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका के कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया है. हैरी बॉक्सर को गैंगेस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता था. वह भारत में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुका था. देश के तमाम राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थीं.
राजस्थान का रहने वाला है हैरी बॉक्सर
जानकारी के मुताबिक, हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिश्चंद्र है. वह राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बनसूर का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के अलावा दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में उसने तमाम बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया हुआ है. उसके कारनामों को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने उसे मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल कर रखा है. भारत में जब उस पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा था, तो वह सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर फरार हो गया था. वह अमेरिका में बैठकर देश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को ऑपरेट कर रहा था.
हत्या-फिरौती जैसे तमाम केस दर्ज
बॉलीवुड के फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का ही नाम सामने आया था. उसने खुद इस घटना की जिम्मेदारी ली थी. इस घटना के बाद उसने कई बॉलीवुड कलाकारों को धमकी देने का काम किया था. बॉलीवुड हस्तियों के अलावा वह देश के बड़े बिजनेसमैन को भी धमकी देकर फिरौती मांगता रहा है. उस पर हत्या और धमकी देकर जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) समेत कई मामले दर्ज हैं. इसी साल उसने मध्यप्रदेश के एक बिजनेसमैन से 10 करोड़ रुपए की फिरौती की मांगी थी.
दूसरा गैंगस्टर सलाखों के पीछे
हैरी बॉक्सर से पहले कुछ दिन पहले ही गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था. दोनों फर्जी पासपोर्ट की मदद से अमेरिका में घुसे थे. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, दोनों में साल 2025 में डंकी रूट का इस्तेमाल करते हुए पुर्तगाल के रास्ते अमेरिका की सीमा भी घुसे थे. दोनों यहां राजनीतिक शरणार्थी बनकर भारतीय पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन रेड कॉर्नर नोटिस की वजह से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया था.