लालकृष्ण आडवाणी के 99वें जन्मदिन पर बीजेपी हेडक्वार्टर में गूंजे वैदिक मंत्र, दिग्गजों ने की लंबी उम्र की प्रार्थना
लालकृष्ण आडवाणी के 99वें जन्मदिन पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार किया गया. पीएम मोदी और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके आवास व मुख्यालय में उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की.
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी रविवार को 99 वर्ष के हो गए. इस खास मौके पर नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पूजा और हवन का भव्य आयोजन किया गया. 8 नवंबर 1927 को जन्मे आडवाणी अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं. इस बार उनका जन्मदिन दीवाली के पावन पर्व के साथ आया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी का माहौल दोगुना हो गया.
इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य भारत रत्न से सम्मानित आडवाणी जी के सार्वजनिक जीवन, संगठन निर्माण में उनके अमूल्य योगदान और राष्ट्र सेवा की लंबी यात्रा को सम्मान देना था.जन्मदिन के इस अवसर पर आयोजित पूजा-हवन में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और आडवाणी की सुपुत्री प्रतिभा आडवाणी भी मौजूद रहीं.
आडवाणी जी के आदर्शों को पर बोले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
समारोह में उपस्थित नेताओं ने आडवाणी जी के जीवन और उनके योगदान पर अपने विचार साझा किए. इसके बाद बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और आडवाणी जी के आदर्शों को रेखांकित किया.
यह भी पढ़ेंः 'मेरा हाथ थामकर राजनीति की बारीकियां सिखाईं', पीएम मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी को दी जन्मदिन की बधाई
विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का संकल्प
बीजेपी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह कार्यक्रम आडवाणी जी के प्रेरणादायी जीवन, देश के प्रति उनके समर्पण और संगठन को मजबूत करने के उनके प्रयासों को नमन करने के लिए आयोजित किया गया है. पार्टी ने इस अवसर पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अपने वरिष्ठ नेताओं, मार्गदर्शकों और विचारकों के जीवन एवं विचारधारा को सहेजना पार्टी की प्राथमिकता है. ये विचार और मूल्य आने वाली पीढ़ियों को हमेशा मार्गदर्शन और प्रेरणा देते रहेंगे.
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, याद किया ऐतिहासिक सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लाल कृष्ण आडवाणी को उनके 99वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं. एक बड़ा संदेश देते हुए पीएम मोदी ने आडवाणी जी के सिंध (पाकिस्तान) से शुरू हुए शुरुआती जीवन से लेकर भारतीय राजनीति के शीर्ष स्तंभ बनने तक के सफर को याद किया.
पीएम मोदी ने इस दौरान उनकी मुख्य बातों का उल्लेख किया:
संगठन का निर्माण: भारतीय जनसंघ को मजबूत करने और बाद में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की स्थापना में आडवाणी जी की मुख्य भूमिका.
अटल जी के साथ जोड़ी: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनकी ऐतिहासिक और अटूट जोड़ी का योगदान.
सरकार में भूमिका: देश के गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री के रूप में उनके साहसिक और दूरदर्शी कार्य.
ऐतिहासिक पड़ाव: आपातकाल (Emergency) के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनका संघर्ष और प्रसिद्ध 'सोमनाथ से अयोध्या रथ यात्रा'.
पीढ़ियों का मार्गदर्शन: बीजेपी कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों को गढ़ने और उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करने का उनका कार्य.
प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी जी के जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना की.
यह भी पढ़ेंः दीपावली पर पूरा देश रौशनी से सराबोर: PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, बताया कहां मनाएंगे दिवाली