देश में इस समय त्योहारों की उमंग है. हर कोने में नवरात्रि की धूम नजर आ रही है. इस बीच शनिवार (17 अक्टूबर) का दिन कई परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे गया. देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों के कारण 30 से अधिक परिवारों में मातम पसरा है. पश्चिम बंगाल से बिहार तक देश के कई राज्यों में हुई अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की जान गई और कई लोग घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं.
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में बारिश के बीच पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण कम से कम 19 लोगों की जान चली गई और 20 से अधिक घायल हैं. आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले में स्थित गोल्लापल्ली जलाशय घूमने गई पांच महिलाएं डूब गईं. बताया गया की ये हादसा पैर फिसलने के कारण हुआ है. वहीं, राजस्थान के कोटा में मध्य प्रदेश के आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई.
इसके अलावा शनिवार को बंगाल के आसनसोल में एक अन्य हादसा निर्माणाधीन चिमनी गिरने कारण हुआ, जहां पर चार लोगों की जान गई है. इतना ही नहीं तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में नवरात्रि के दौरान डांडिया कार्यक्रम में इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की मौत हो गई. आइए आपको इन सभी हादसों के बारे में विस्तार से बताते हैं.
उत्तरी कोलकाता के चोरबागान में सर्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार (17 अक्टूबर) के बीच भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में कम से कम 19 लोगों की जान गई है और 25 से अधिक लोग घायल हैं. इस हादसे पर राज्य के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने दुख व्यक्त किया है और पीड़ितों के परिजनों की आर्थिक मदद करने की घोषणा की है.
हादसे में घायल लोगों को नजदीकी मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया, जहां पर उनका उपचार हो रहा है. राज्य के मुख्य सचिव के साथ सीएम सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. इस घटना पर सीएम ने कहा कि मामले पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं.
घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसको किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. सीएम ने कहा कि मामले की जांच के लिए वर्तमान जज की अध्यक्षता में एक एसआईटी की टीम का गठन किया जाएगा. बता दें कि फिलहाल पुलिस ने पंडाल कमेटी मेंबर्स समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है और जांच की जा रही है.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार-रविवार रात करीब 1.30 बजे चिनौर रोड पर एक बेकाबू रफ्तार के ट्रक ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया. ये श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. हादसे में कम से कम 13 लोगों की जान गई है. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. घटना में 33 लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई. बताया गया कि इनमें 5 लोगों की हालत नाजुक है, सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर एक ट्रैवेलर बस नाले के ऊपर बने पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे जा गिरी. वाहन में श्रद्धालु थे, जो भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे. इस घटना में 8 लोगों की जान गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गंभीर रूप से घायल लोगों को आसीयू में रखा गया है, जहां पर उनका उपचार चल रहा है. जानकारी के अनुसार, ये हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे का है. घटना के बाद चीख-पुकार मच गई. स्थानीय राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.
शनिवार को बिहार से भी एक घटना की जानकारी सामने आई. यहां भोजपुर जिल के सोन नदी में डूबने से तीन नाबालिगों समेत चार लोगों की जान चली गई. तीनों बच्चे नदी में नहा रहे थे, तभी वह गहरे पानी में चले गए. उन्हें बचाने के लिए 25 वर्षीय शख्स भी कूदा, लेकिन वह भी डूब गया. घटना संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल घाट की है.
इस हादसे पर राज्य के सीएम सम्राट चौधरीने दुख व्यक्त किया है और उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. इस संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया.
शनिवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एख निर्माणाधीन पावर प्लांट में बड़ा हादसा हो गया. यहां पर एक निर्माणधीन चिमनी का एक हिस्सा गिर गया, जिसमें दबने से चार लोगों की जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई मजदूरों के मलबे में दबने की आंशका जताई गई थी.
ये हादसा पश्चिम बर्दवान जिले के जमुरिया क्षेत्र में स्थित श्याम सेल एंड पावर लिमिटेड के निर्माणधीन पावर प्लांट में हुआ. अस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पुलिस आयुक्त प्रणव कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया.
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शनिवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में प्रवेश के लिए बनाया गया गेट हवा के कारण टूट गया. गेट की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए. पुलिस का कहना है कि हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आई थीं. घायल अवस्था में छात्रा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हालांकि, हादसे में घायल अन्य 14 लोगों की स्थिति खतरे से बाहर है.
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव मे एक ही परिवार के पांच लोगों की लाश उनके घर में मिलने से हड़कंप मच गया. दावा किया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य नूडल्स खाकर सोए थे. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच में जुट गए. बताया जाता है कि गांव नगला पदम निवासी महेश उनकी पत्नी ललिता तीन नाबालिक बच्चे रात 10 बजे नूडल्स खाकर सोए थे.
सुबह जब देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई. दरवाजा खोलकर देखा गया तो पांचों बिस्तर पर मृत मिले. इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द मामले में खुलासा हो जाएगा. इस घटना ने पड़ोसियों को डरा दिया है.