नेताजी के लिए टाल दी शादी: घर से सीधे 300 KM दूर रैली में पहुंचा, आगा रुहुल्लाह की दीवानगी में दूल्हे का अनोखा फैसला
जम्मू कश्मीर की सियासत से एक दिलचस्प तस्वीर निकल कर आई है. जहां एक शख्स ने अपने नेता की दीवानगी में किश्तवाड़ से बडगाम तक की लंबी दूरी नापकर अपनी शादी की तारीख आगे बढ़ा दी. दूल्हे मियां का कहना है कि आगा रुहुल्लाह मेहदी अपनी बात पर कायम रहने वाले नेता हैं. चूंकि रैली की तारीख नहीं टल सकती थी, इसलिए मैं अपनी शादी टालने का फैसला करते हुए उन्हें अपना समर्थन देने चला आया.
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एक युवक ने अपनी शादी टाल दी, ताकि वह नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी की इस्तीफा रैली में शामिल हो सके. युवक ने इसके लिए करीब 300 किलोमीटर का सफर भी तय किया और चिनाब घाटी से निकलकर सीधे बडगाम पहुंच गया. अबरार अहमद नाम के इस युवक की शादी उसी दिन तय थी, जिस दिन आगा रुहुल्लाह ने औपचारिक रूप से अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था. इसी दिन रुहुल्लाह के पिता की पुण्यतिथि भी थी. अबरार ने शादी की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला किया और रैली में शामिल होने के लिए बडगाम पहुंच गए.
नेताजी के लिए दीवानगी
कार्यक्रम के दौरान जी न्यूज से बातचीत में अबरार ने कहा कि आगा रुहुल्लाह उन्हें जम्मू-कश्मीर के दूसरे राजनीतिक नेताओं से अलग नजर आते हैं. उनके मुताबिक, रुहुल्लाह सत्ता से ज्यादा अपनी कही हुई बात को अहमियत देते हैं.
अबरार ने कहा, 'वे सत्ता से ज्यादा अपनी जुबान की अहमियत समझते हैं. वे जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं और इसी के लिए उन्होंने अपना पद छोड़ दिया.'
अपनी शादी टालने के फैसले पर उन्होंने कहा, 'रैली को टाला नहीं जा सकता था, इसलिए मैंने अपनी शादी टाल दी.'
अबरार का यह फैसला आगा रुहुल्लाह के प्रति उनके व्यक्तिगत जुड़ाव और समर्थन को दिखाता है. शादी जैसे अहम मौके पर करीब 300 किलोमीटर का सफर तय करके रैली में पहुंचना इस बात का संकेत है कि उनके लिए यह कार्यक्रम कितना मायने रखता था.
मेहदी की रैली?
आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने यह रैली मुख्य रूप से नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और उसके नेतृत्व से वैचारिक मतभेद के चलते इस्तीफे का ऐलान करने के लिए रखी थी. 3 नवंबर उनके पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं पुण्यतिथि है. रुहुल्लाह ने इसी तारीख को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और श्रीनगर लोकसभा सीट छोड़ने का ऐलान करने के लिए चुना था.
मेहदी का बड़ा बयान
रुहुल्लाह ने यह भी साफ किया था कि वो खरीद-फरोख्त या किसी निर्वाचित सरकार को गिराने की राजनीति का हिस्सा नहीं बनना चाहते. उन्होंने ये भी कहा था कि उमर अब्दुल्ला सरकार को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने देना चाहिए. उनका संघर्ष पार्टी नेतृत्व की नीतियों और चुनावी वादों को लेकर है.
उमर अबदुल्ला की सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद एनसी के अंदरखाने मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. 20 असंतुष्ट नेताओं ने सीएम उमर अब्दुल्ला के पिता फारुक अब्दुल्ला को खत लिखकर पार्टी के अंदरखाने मचे असंतोष की स्थिति को टालने के लिए मैटर में दखल देने की अपील की थी.