केरलम् से फरार रघेश उन्नीकोचन UAE में अरेस्ट, विदेश से घसीटकर लाई CBI! जानें पूरा मामला
केरलम् में एक हत्या को अंजाम देन के बाद आरोपी रघेश उन्नीकोचन UAE भाग गया था. 'इंटरपोल' की मदद से उसे विदेश में धर-दबोचा गया और बुधवार को वापस भारत लाया गया. सीबीआई ने बताया कि इस काम में गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने काफी सहयोग किया.
कानून के लंबे हाथों से कोई नहीं बच सकता और अपराधी देर-सबेर सलाखों के पीछे पहुंच ही जाता है. केरलम् के कुख्यात अपराधी रघेश उन्नीकोचन को अब यह बात समझ आ गई होगी. दरअसल, केरलम् में एक हत्या को अंजाम देन के बाद आरोपी रघेश उन्नीकोचन UAE भाग गया था. विदेशी सरजमीं पर पहुंचने पर उसे लगा कि उसने भारतीय जांच एजेंसियों को चकमा दे दिया और अब वह सुरक्षित है. हालांकि, सात समंदर पार भी वह भारतीय कानून से बच नहीं सका और सीबीआई उसे वापस भारत खींच लाई.
UAE में छिपा था आरोपी
सीबीआई ने हत्या के एक मामले में शामिल आरोपी का यूएई से प्रत्यर्पण कराया है. केंद्रीय एजेंसी ने गुरुवार (19 नवंबर) को जानकारी दी कि आरोपी रघेश उन्नीकोचन केरलम् में दर्ज हत्या के मामले में वांछित था. सीबीआई ने बताया कि आरोपी के UAE भागने के बाद उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था. जिसके चलते उसे विदेश में गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी तक कैसे पहुंची CBI?
इसके बाद सीबीआई ने केरलम् पुलिस के साथ मिलकर उसे स्वदेश वापस लाने का अभियान चलाया. इस काम में विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने पूरा सहयोग किया. सरकारी अधिकारियों के सहयोग से आरोपी रघेश उन्नीकोचन को यूएई से वापस लाने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की और बुधवार (18 नवंबर) को उसे भारत लाया गया.
CBI निभाती है बड़ी जिम्मेदारी
सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि भगोड़े अपराधियों को पकड़ने के लिए दुनियाभर की पुलिस आपस में तालमेल बिठाने के लिए 'इंटरपोल' का इस्तेमाल करती हैं. भारत में इंटरपोल के कामकाज देखने की जिम्मेदारी सीबीआई के कंधों पर है, यानी जब भी किसी भगोड़े अपराधी को भारत लाना हो या देश में छिपे विदेशी अपराधी को पकड़ना हो, तो सीबीआई ही इंटरपोल के साथ मिलकर काम करती है.
इस साल 73 भगोड़ों पर कसा शिकंजा
सीबीआई ने बताया कि साल 2019 से लेकर अब तक इंटरपोल के माध्यम से 281 से अधिक वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया है. इनमें 2026 के दौरान लाए गए 73 भगोड़े भी शामिल हैं.
रिपोर्ट- आईएएनएस
ये भी पढ़ें- फेसबुक पर धमाके की तारीफ करना पड़ा भारी, अमेरिका से डिपोर्ट हुए खालिस्तान समर्थक को NIA ने IGI एयरपोर्ट पर दबोचा