)
पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का टॉप कमांडर मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा के आतंक का अंत हो चुका है. पाकिस्तान से आया जम्मू-कश्मीर का ये खलनायाक बड़गांव जिले के यूसमर्ग इलाके में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया. जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों को उसके पास से जो सर्वाइवल किट मिली है अब उसका विश्लेषण हो रहा है. बड़गाम पुलिस ने मीडिया को बताया है कि एनकाउंटर वाली जगह के पास जो बैग मिला है, उसकी जांच जारी है. पुलिस की एक खास टीम मूसा के लॉजिस्टिकल सपोर्ट नेटवर्क की पड़ताल में दबिश दे रही है.
पुलिस और सुरक्षाबलों द्वारा हाशिम मूसा उर्फ आसिफ फौजी उर्फ मूसा फौजी को जहन्नुम भेजने के पांच दिन बाद, बडगाम पुलिस को कैवन जंगल इलाके में पलमैदान के पास ये कामयाबी मिली. इस इनपुट को डेवलप करके आगे कोई आतंकी वारदात न हो, इसके लिए पुख्ता रणनीति बनाई जा रही है.
जम्मू-कश्मीर पुलिस अब लॉजिस्टिकल सपोर्ट और बड़ी साजिश के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि जम्मू-कश्मीर खासकर पीर पंजाल के जंगलों में 35-40 और विदेशी आतंकवादी सक्रिय हैं. इस बैग मिलने के बाद सुरक्षा बलों का मानना है कि छिपे हुए आतंकवादियों को मदद देने वाला एक अच्छी तरह से संगठित स्थानीय नेटवर्क सक्रिय है और अगर छिपे हुए आतंकवादियों को लॉजिस्टिक्स मुहैया कराने वाले इस स्थानीय नेटवर्क को पकड़ लिया जाता है, तो छिपे हुए आतंकवादियों को खत्म करना आसान हो जाएगा.
पुलिस का कहना है कि मूसा के बैग से मिला सामान लाने वाले सोर्स (स्लीपर सेल/OGW) को पकड़ने के साथ ये भी जानने की कोशिश हो रही है कि इस सामान को उस जगह पर कैसे और कब रखा गया. पुलिस ने बताया कि ओवरग्राउंड वर्करों, साजिश में शामिल लोगों और अन्य संभावित साथियों/मददगारों की पूरी भूमिका की पड़ताल करने के लिए सारी हिस्ट्री-जियोग्राफी खंगाल रहे हैं.
Budgam Police recovered a bag containing medicines and eatables from the vicinity of Palmaidan, Doodhpathri, linked to the ongoing investigation into the 29 Sept. encounter. The recovery is being examined to trace the suspected logistical support network. Investigation underway. https://t.co/rEBC3dYGLy
— BUDGAM POLICE (@BudgamPolice) October 4, 2026
इस बरामदगी की जांच खानसाहिब पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 181/2026 के तहत हो रही है. मुठभेड़ 29-30 सितंबर 2026 की रात को बडगाम जिले के कैवन जंगलों में पलमैदान के पास घने जंगल वाले इलाके में हुई.
यह SOG बडगाम, भारतीय सेना और CRPF के बीच तालमेल और खुफिया जानकारी पर आधारित एक संयुक्त ऑपरेशन था. सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खास तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन लॉन्च किया था. सैनिकों ने ऑपरेशन चलाया और मूसा को मार गिराया.
पाकिस्तान का मूल निवासी LeT कमांडर मूसा जम्मू-कश्मीर में मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में था. मूसा 2022 के आसपास जम्मू-कश्मीर में दाखिल हुआ था और कश्मीर घाटी के इलाकों में आने से पहले कई सालों तक ऊंचे पहाड़ी जंगलों, खासकर पीर पंजाल रेंज (पुंछ-राजौरी बेल्ट) में सक्रिय रहा. मूसा, 2022 से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय LeT के शीर्ष कमांडरों के चार सदस्यीय समूह का आखिरी बचा हुआ सदस्य था.
अब मूसा के खात्मे के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में अलर्ट है.