SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जम्मू-कश्मीर पुलिस की ‘डुअल स्ट्रेटेजी’: सर्दियों के सीजन में आतंकी नेटवर्क के खात्मे के साथ नशा तस्करों पर भी कसेगा शिकंजा, अधिकारियों ने दिए टिप्स

कश्मीर में सर्दियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पुलिस ने आतंकवाद की कमर तोड़ने और आतंकियों के मददगारों का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए एक्शन तेज किया है. इस बीच कश्मीर जोन पुलिस को आतंकवाद को कुचलने और जनता का भरोसा बढ़ाने के लिए 'दोहरी रणनीति' (डुअल-इंजन स्ट्रेटेजी) अपनाने के आदेश दिए गए हैं.

Written By Khalid Hussain Edited By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 22, 2026, 15:58 IST | Updated: Nov 22, 2026, 16:11 IST
Image Credit: (पुलिस)
Join

कश्मीर घाटी में सर्दियों की शुरुआत के साथ कश्मीर जोन पुलिस ने सुरक्षा और जनसंपर्क को लेकर एक व्यापक योजना तैयार की है. इसका मकसद मौसमी सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के साथ पुलिस व्यवस्था को अधिक सुलभ, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना है. श्रीनगर में कश्मीर ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में ‘नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग और शीतकालीन सुरक्षा समीक्षा’ को लेकर एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया. 

इसमें मीटिंग में कश्मीर घाटी के सभी जिलों के रेंज उप-पुलिस महानिरीक्षक (DIG) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शामिल हुए.

‘स्मार्ट पुलिसिंग’ पर फोकस

ज़ोनल पुलिस मुख्यालय (ZPHQ) की ओर से पुलिस थानों और चौकियों के स्तर पर ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ और ‘बीट पुलिसिंग’ को लेकर हाल में हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए बैठक में साझा कार्ययोजना तैयार की गई. इसके तहत आतंकवाद और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और पारदर्शी संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया.

शीतकालीन सुरक्षा ग्रिड होगा मजबूत

तापमान में गिरावट और बर्फबारी के साथ पहाड़ी इलाकों में घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों के तौर-तरीकों में बदलाव की आशंका रहती है. इसे देखते हुए सम्मेलन में शीतकालीन सुरक्षा तैयारियों को प्राथमिकता दी गई. वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्येक जिले की सुरक्षा स्थिति, संवेदनशील मार्गों और खुफिया सूचनाओं की विस्तृत समीक्षा की.

पुलिस अधिकारियों ने आतंकवाद विरोधी अभियान को लेकर कई अहम निर्देश दिए. इनमें 24 घंटे क्षेत्र पर निगरानी और रात के समय गश्त बढ़ाना शामिल है. जिला SSP को सुरक्षा तैनाती की समीक्षा करने, रात की पेट्रोलिंग बढ़ाने और मुख्य मार्गों, जिला सीमाओं तथा झेलम बेल्ट जैसे संवेदनशील इलाकों में चेकपोस्ट मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.

आतंकियों के मददगार नेटवर्क पर भी कार्रवाई

बैठक में केवल आतंकी घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय आतंकवाद और अलगाववाद को समर्थन देने वाले पूरे नेटवर्क को निशाना बनाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) पर लगातार नजर रखने, रिहा किए गए संदिग्धों की निगरानी बढ़ाने और आतंकवाद को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ संपत्ति जब्ती तथा वित्तीय जांच जैसी कानूनी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए.

बेहतर परिणामों के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया. जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और खुफिया एजेंसियों के बीच रियल-टाइम सूचना साझा करने की व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही गई.

इसके अलावा पहाड़ी दर्रों और शहरी इलाकों के बाहरी हिस्सों पर निगरानी के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया.

नार्को-टेरर नेटवर्क पर जीरो टॉलरेंस

नशीले पदार्थों के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने के खतरे को देखते हुए अधिकारियों को नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए.

अधिकारियों से कहा गया कि नशीले पदार्थों की तस्करी को केवल सामाजिक बुराई के तौर पर न देखा जाए. यह आतंकी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए धन जुटाने का एक अहम जरिया भी हो सकता है. बैठक में घाटी में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों की भी समीक्षा की गई.

अधिकारियों को सप्लाई चेन तोड़ने और बड़े तस्करों तक पहुंचने पर फोकस बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही जिला पुलिस प्रमुखों से कहा गया कि वे छोटे तस्करों तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय अंतरराज्यीय और सीमा पार तस्करी नेटवर्क को तोड़ने पर ध्यान दें.

इसके साथ ही NDPS एक्ट और PIT-NDPS एक्ट के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री से मिलने वाले धन के आतंकी फंडिंग से जुड़े वित्तीय रास्तों की जांच करने को कहा गया.

नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान

सख्त कार्रवाई के साथ पुलिस इकाइयों को ‘नशा मुक्त’ अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. इस अभियान में नागरिक समाज, धार्मिक नेताओं और पुनर्वास केंद्रों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि युवाओं को नशे की लत से दूर रखा जा सके.

पुलिस-जनता के बीच भरोसा बढ़ाने पर जोर

IGP सुजीत कुमार ने पुलिस और जनता के बीच संबंध बेहतर बनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी और ‘पुलिस-जनता पुलिसिंग’ को एक व्यवस्थित व्यवस्था के तौर पर विकसित करना होगा.

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद नागरिकों की गरिमा और सुविधा प्रभावित नहीं होनी चाहिए. स्थानीय पुलिस थाना जनता और प्रशासन के बीच संपर्क का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां लोगों की समस्याओं का संवेदनशील तरीके से समाधान जरूरी है.

सभी बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्र के निवासियों, दुकानदारों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. इससे पुलिस विवादों की पहचान समय रहते कर सकेगी और समुदाय के बीच भरोसा मजबूत होगा.

सभी थाना प्रभारियों (SHO) और पर्यवेक्षी अधिकारियों को जनता की शिकायतों, सत्यापन संबंधी कार्यों और आपात स्थितियों का जल्द, विनम्रता से और तय समय सीमा के भीतर निपटारा करने को कहा गया है. सर्दियों के दौरान यह व्यवस्था और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, जब लोग जरूरी सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन पर अधिक निर्भर रहते हैं.

वरिष्ठ अधिकारियों को मानवाधिकारों का सख्ती से पालन करने, जांच में पारदर्शिता बनाए रखने और चेकपॉइंट तथा पुलिस थानों पर लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की सलाह दी गई.

पुलिस नेतृत्व ने कहा कि स्थायी शांति के लिए जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है. सुरक्षा और जनता का विश्वास एक-दूसरे को मजबूत करते हैं. सर्दियों के दौरान आतंकवाद और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जवाबदेह और संवेदनशील पुलिसिंग के जरिए कश्मीर जोन पुलिस घाटी में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बेहतर माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी.

संबंधित खबरें

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES