अमरनाथ के रास्ते में JCB पर बवाल: शेषनाग झील के पास भारी मशीनों के इस्तेमाल पर करण-महबूबा ने जताया विरोध, उमर सरकार पर उठे सवाल
पवित्र शेषनाग झील के पास इस समय सड़क निर्माण काम शुरू हुआ है. इस दौरान भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसको लेकर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने आपत्ति जताई है. उन्होंने शेषनाग समझौता रद्द करने की मांग की है. इसके अलावा पर्यावरणविदों ने दावा किया कि इससे प्रकृति को भारी नुकसान पहुंचेगा.
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग को चौड़ा करने के लिए शेषनाग झील के पास भारी मशीनों (अर्थ-मूविंग मशीनरी) के इस्तेमाल का जमकर विरोध शुरू हो गया है. अनुभवी राजनेता और J&K धर्मार्थ ट्रस्ट के चेयरमैन, डॉ. करण सिंह ने सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा की है. लोगों का दावा है कि सड़कों को चौड़ा करने की ये आक्रामक परियोजनाएं हिमालय की नाजुक पारिस्थितिकी के लिए खतरा हैं.
इतना ही नहीं, महबूबा मुफ्ती ने भी शेषनाग समझौता (MoU) रद्द करने, भारी मशीनरी हटाने और प्रदर्शनकारियों को परेशान करना बंद करने की मांग की. मुफ्ती ने इस परियोजना को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की आलोचना की. इस विकास परियोजना को लेकर पर्यावरणविदों ने चेतावनी देते हुए कहा कि शेषनाग उन उच्च-जोखिम वाली हिमनद झीलों (glacial lakes) में से एक है, जिनमें 'ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड' (GLOF) यानी हिमनद झील के फटने से बाढ़ आने का खतरा रहता है.
भारी मशीनों के इस्तेमाल पर फूटा लोगों का गुस्सा
डॉ. करण सिंह का यह कदम कश्मीर में हो रहे भारी विरोध और बड़गाम से पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी की एक अपील के बाद आया है. विधायक ने पूर्व 'सद्र-ए-रियासत' (राज्य प्रमुख) को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि वे केंद्र सरकार और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) के साथ अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें, ताकि इस ऊंचाई पर स्थित झील के पास हो रही खुदाई को रोका जा सके.
बता दें कि उत्तराखंड में आई पर्यावरणीय आपदाओं, खासकर 2013 की केदारनाथ त्रासदी का उदाहरण देते हुए, डॉ. सिंह ने पर्यटन और सुविधा के नाम पर पारंपरिक पैदल रास्तों को मोटर चलने लायक सड़कों में बदलने की कोशिशों पर सवाल उठाए हैं.
सभी रास्तों को चौड़ा करने की क्या जरूरत?
उन्होंने कहा कि मैं कई सालों से इस बात को उठाता रहा हूं कि सड़कों को चौड़ा करने की अनावश्यक कोशिशों से हिमालय को नुकसान पहुंच रहा है, खासकर उत्तराखंड के तीर्थ मार्गों पर. शेषनाग झील के पास भारी मशीनों के इस्तेमाल की खबरों पर हैरानी जताते हुए, उन्होंने अधिकारियों से इन मशीनों को हटाने की अपील की.
उन्होंने आगे कहा, "हमें सिर्फ पर्यटकों की सुविधा के लिए हर तीर्थ मार्ग को मोटर चलने लायक सड़क में बदलने की जरूरत नहीं है." "सच्चे तीर्थयात्री इस महान तीर्थस्थल तक पैदल जाने या सवारी से जाने में कोई आपत्ति नहीं करेंगे."
समझिए पूरा मामला
यह विवाद इस सप्ताह की शुरुआत में तब शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ. इसमें पारंपरिक पहलगाम-अमरनाथ मार्ग पर लगभग 3,590 मीटर (लगभग 11,780 फीट) की ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील के पास, ढलानों पर JCB मशीनें मिट्टी हटाती और डालती हुई दिखाई दीं.
इस पर हुए विरोध के बाद, बडगाम के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने डॉ. करण सिंह से औपचारिक अपील की. उन्होंने बताया कि शेषनाग न केवल एक नाजुक पहाड़ी पारिस्थितिकी तंत्र है, बल्कि हिंदू पौराणिक कथाओं में एक अत्यंत पवित्र स्थान भी है.
भारी मशीनों के इस्तेमाल से प्रकृति को नुकसान का दावा
माना जाता है कि पवित्र गुफा में प्रवेश करने से पहले भगवान शिव ने यहीं अपने सर्पों को छोड़ दिया था. मेहदी ने चेतावनी दी कि ढलानों को काटने और भारी मशीनों के इस्तेमाल से प्राकृतिक भू-भाग और जल प्रणालियों को "ना भर पाने वाला नुकसान" होगा. उन्होंने डॉ. सिंह से आग्रह किया कि वे सभी निर्माण कार्यों को तुरंत रोकने के लिए जोर दें.
यह खुदाई अब पूरे जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा राजनीतिक और पर्यावरणीय मुद्दा बन गई है. PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, विधायक वहीद पारा और आगा मुंतजिर ने इस सप्ताह की शुरुआत में इस जगह का दौरा करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें चंदनवाड़ी में ही रोक दिया.
महबूबा मुफ्ती ने की शेषनाग समझौता रद्द करने की मांग
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने इस परियोजना को लेकर उमर सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा न केवल कश्मीर के पर्यावरण के अस्तित्व के लिए एक बड़ा खतरा है, बल्कि देश भर के श्रद्धालुओं की गहरी धार्मिक आस्था से भी जुड़ा है. वहीं, पर्यावरण की नाजुक स्थिति और धार्मिक महत्व पर चिंता जताते हुए, मुफ्ती ने कहा कि शेषनाग का मामला कश्मीर के लोगों के अस्तित्व से जुड़ा है और लाखों श्रद्धालुओं के लिए इसका गहरा धार्मिक महत्व है.
उन्होंने बताया कि यहां प्राकृतिक रूप से बनने वाला बर्फ का शिवलिंग अपने आप में अनूठा है और शेषनाग का संबंध भगवान शिव से है. एक हालिया अध्ययन का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि शेषनाग उन 14 ग्लेशियर झीलों में शामिल है, जो बहुत अधिक जोखिम वाली श्रेणी में आती हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि ग्लेशियर के इकोसिस्टम के साथ छेड़छाड़ करने से उत्तराखंड जैसी आपदाएं आ सकती हैं और इससे प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग पर भी बुरा असर पड़ सकता है.
पर्यावरणविदों ने की पारदर्शिता की मांग
पर्यावरणविदों और J&K कांग्रेस प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने वन मंजूरी के मामले में पारदर्शिता की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि शेषनाग उन उच्च-जोखिम वाली हिमनद झीलों (glacial lakes) में से एक है, जिनमें 'ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड' (GLOF) यानी हिमनद झील के फटने से बाढ़ आने का खतरा रहता है. इस बीच, झील को बचाने के लिए शुरू की गई एक ऑनलाइन याचिका पर 11,000 से अधिक हस्ताक्षर हो चुके हैं.
BRO का दावा- झील को कोई नुकसान नहीं
बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने नई सड़क परियोजना के दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि वे केवल मौजूदा तीर्थ मार्ग को चौड़ा और स्थिर कर रहे हैं. इसका उद्देश्य भीड़ को कम करना और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, साथ ही वे पर्यावरणीय नियमों का भी पालन कर रहे हैं. इसके अलावा, J&K के वन और पर्यावरण मंत्री अल्ताफ अहमद कालू ने भी कहा है कि झील को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
उन्होंने बताया कि ट्रैक और जलस्रोत के बीच 200 से 300 फुट का बफर है. वहीं, बीजेपी ने इन सुधार कार्यों का बचाव करते हुए इन्हें तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया है और विपक्षी दलों पर 'चुनिंदा सक्रियता'दिखाने का आरोप लगाया है.
जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक और धार्मिक परिदृश्य में एक बड़ी हस्ती माने जाने वाले डॉ. करण सिंह के विरोध-प्रदर्शनों का समर्थन करने से, प्रशासन पर दबाव बढ़ रहा है. मांग की जा रही है कि ग्लेशियल बेसिन को स्थायी नुकसान पहुंचने से पहले, इन कार्यों की एक स्वतंत्र वैज्ञानिक समीक्षा कराई जाए.
यह भी पढ़ें: संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक हलचल तेज! मोदी कैबिनेट कल करेगी मंथन, कांग्रेस ने भी बुलाई मीटिंग