App

संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक हलचल तेज! मोदी कैबिनेट कल करेगी मंथन, कांग्रेस ने भी बुलाई रणनीतिक बैठक

संसद के विशेष सत्र से पहले मोदी कैबिनेट और कांग्रेस ने 27 नवंबर को अहम बैठक बुलाई है. महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की रणनीति पर नजरें टिकी हैं.

संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक हलचल तेज! मोदी कैबिनेट कल करेगी मंथन, कांग्रेस ने भी बुलाई रणनीतिक बैठक
Image Credit: कैबिनेट मीटिंग की पुरानी तस्वीर

संसद के विशेष सत्र को लेकर दिल्ली में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की बैठक से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की विशेष बैठक होने जा रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए अहम बैठक बुलाई है. ऐसे में विशेष सत्र शुरू होने से पहले ही सियासी मुकाबले का मंच तैयार होता नजर आ रहा है.

देर रात मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार यानी 27 नवंबर को मोदी कैबिनेट की एक अहम मीटिंग होने वाली है. इस बैठक में संसद के विशेष सत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. हालांकि, होने वाली मीटिंग को लेकर कोई आधिकारिक एजेंडा अभी सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक दिग्गजों का कहना है कि सरकार इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन बिल जैसे बिलों पर चर्चा कर सकती है.

पीएम मोदी की सांसद/मंत्रियों से खास अपील

इससे पहले 25 नवंबर को दिल्ली में हुई कैबिनेट मीटिंग के दौरान सांसदों को विदेश दौरा ना करने की बात कही थी. पीएम मोदी ने संसद के आगामी सत्र को देखते हुए 15 दिसंबर तक विदेश यात्राओं से बचने की अपील की थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम ने मंत्रियों को संसद से जुड़े कामकाज और तैयारियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया था. अब 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होने के ऐलान के बाद इस अपील को काफी अहम माना जा रहा है.

विपक्ष ने भी बुलाई अहम मीटिंग

वहीं, कांग्रेस ने भी सरकार की तैयारियों के बीच अपनी रणनीति बनाने के लिए कमर कस ली है. कांग्रेस की पार्लियामेंट्री स्ट्रैटेजी ग्रुप की बैठक 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी. इस बैठक में 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की बैठक के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी. कांग्रेस नेतृत्व यह तय करेगा कि विशेष सत्र में किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है और सरकार को किन सवालों पर घेरना है.

क्यों अहम है परिसीमन का मुद्दा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर कहा कि महिलाओं को न्याय मिलने से कोई नहीं रोक सकता. वहीं, विपक्ष की नजर इस बात पर है कि सरकार विशेष सत्र में महिला आरक्षण को लेकर क्या कदम उठाती है और परिसीमन के मुद्दे पर उसका क्या रुख रहता है. परिसीमन का मुद्दा इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि, इसका सीधा संबंध लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से है. ऐसे में दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं और विपक्ष की आपत्तियों के बीच यह मुद्दा संसद में बड़े टकराव की वजह बन सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More