)
चेन्नई के उद्यमी और समाजसेवी वर्धमान जैन सुर्खियों में हैं. उन्होंने आंध्र प्रदेश के तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए हैं. इनकी अनुमानित कीमत करीब 206 करोड़ रुपये बताई जा रही है. ये दान उन्होंने अपनी पत्नी राधिका जैन के साथ मिलकर किया है. इसे तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण चढ़ावों में से एक बताया जा रहा है.
इस दंपति ने गुरुवार यानी 26 नवंबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण मंदिर को भेंट किए. इस संग्रह में विशेष रूप से तैयार किए गए 46 आभूषण शामिल हैं. इनमें मुकुट, हार, बाजूबंद, कमर के आभूषण और अन्य पारंपरिक गहने शामिल हैं. इनमें से कुछ आभूषणों में हीरे भी जड़े हुए हैं.
భూలోక వైకుంఠం తిరుమల క్షేత్రంలో కొలువుదీరిన కలియుగ ప్రత్యక్ష దైవం శ్రీ వేంకటేశ్వర స్వామివారికి ఓ భక్తుడు 121 కిలోల బంగారాన్ని విరాళంగా, ఆంధ్రప్రదేశ్ ముఖ్యమంత్రివర్యులు శ్రీ నారా చంద్రబాబు నాయుడు గారి సమక్షంలో శ్రీవారికి సమర్పించారు. #Tirumala #TTD #SriVenkateswaraSwamy #GoldDonation #Govinda #Tirupati #VardhmanJain #RadhikaJain #TTDOfficialUpdates
— Tirumala Tirupati Devasthanams (@TTDevasthanams) November 26, 2026
इस बड़े दान के बाद वर्धमान जैन चर्चा में जरूर आए हैं. लेकिन, हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और आउटसोर्सिंग इंडस्ट्री में भी उनकी खास पहचान है. इसके अलावा वह कई सामाजिक और परोपकारी गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं.
वर्धमान जैन वैश्विक हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के फाउंडर और वाइस चेयरमैन हैं. इसके अलावा वो एशिया (चेन्नई) इंजीनियरिंग में निदेशक के रूप में भी कार्यरत हैं. उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स (सांख्यिकी) की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट-ग्रेजुएशन किया है.
उनकी एंटरप्रेन्योरशिप की यात्रा 1997 में शुरू हुई, जब उन्होंने अनुराग जैन के साथ मिलकर विजन हेल्थसोर्स (Vision HealthSource) की स्थापना की. ये कंपनी मेडिकल बिलिंग और हेल्थकेयर क्लेम मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करती थी. साल 2003 में इसे पेरोट सिस्टम्स (Perot Systems) ने अधिग्रहित कर लिया.
साल 2009 में डेल ने पेरोट सिस्टम्स का अधिग्रहण कर लिया. इसके बाद वर्धमान जैन ने डेल सर्विसेज के ग्लोबल बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग ऑपरेशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली. इस दौरान उन्होंने 100 से अधिक क्लाइंट्स की सेवाओं की देखरेख की और करीब 9,000 कर्मचारियों की टीम का प्रबंधन किया.
इसके बाद उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर की स्थापना की और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की हेल्थकेयर आउटसोर्सिंग और टेक्नोलॉजी कंपनी के रूप में विकसित किया. कंपनी ने हेल्थकेयर ऑपरेशंस को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों पर ध्यान दिया है.
जनवरी 2025 में अमेरिका की प्राइवेट इक्विटी फर्म न्यू माउंटेन कैपिटल ने कंपनी में रणनीतिक निवेश की घोषणा की थी. इस सौदे में कंपनी की बहुमत हिस्सेदारी शामिल थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रांजैक्शन का मूल्य 1.5 से 2 अरब डॉलर (करीब ₹18,000 करोड़) के बीच बताया गया था.
कारोबार के अलावा वर्धमान जैन कई सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हुए हैं. वो श्री सरिता जैन फाउंडेशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं. ये संस्था शिक्षा, भूख से राहत और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में काम करती है. उन्होंने अविष्कार नाम की एक पहल भी शुरू की है. इसका उद्देश्य वंचित वर्ग के युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में भी उनका योगदान रहा है. वो चेन्नई के कांची कामकोटि चाइल्ड्स ट्रस्ट हॉस्पिटल से भी जुड़े हुए हैं.
तिरुमाला मंदिर से उनका जुड़ाव भी कई साल पुराना है. 121 किलो सोने के ताजा दान से पहले भी वह मंदिर और उससे जुड़ी परियोजनाओं में कई बड़े योगदान दे चुके हैं.
वर्धमान जैन का योगदान केवल कारोबार तक सीमित नहीं है. हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक संस्थानों तक, वह अलग-अलग क्षेत्रों में सामाजिक योगदान देते रहे हैं.