कुलगाम हमले का बदला: लश्कर कमांडर लतीफ भट का करीबी ढेर, मास्टरमाइंड की तलाश; हमले से पहले आतंकियों ने की थी रेकी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. यहां पर लश्कर कमांडर लतीफ भट के संदिग्ध सहयोगी को मुठभेड़ में मार गिराया गया है. सेना, सीआरपीएफ और पुलिस कुलगाम हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट की तलाश में जुटी है.
कश्मीर के कुलगाम में सोमवार (16 नवंबर) को आतंकियों से मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है. सुरक्षाबलों ने इस दौरान एक आतंकी को मार गिराया. सुरक्षाबलों को दूसरे आतंकवादी की तलाश है. मारे गए आतंकवादी की आधिकारिक पहचान अभी नहीं बताई गई है. हालांकि, सूत्रों के अनुसार, वह उमर नासिर है, जो लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का साथी है.
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरन में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे. इस आतंकी हमले के बाद ही सुरक्षाबल आतंकियों की तलाश में जुटे थे. गत रविवार को सुरक्षाबलों को आतंकियों के मीर बाजार क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया.
कुलगाम के एक गांव में मुठभेड़
सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, कुलगाम के लारू गांव में दो संदिग्धों के देखे जाने की सूचना सुरक्षाकर्मियों को मिली थी. जैसे ही सुरक्षाबल इलाके में पहुंचे आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई. जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने इसके बाद तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें लतीफ भट का साथी मारा गया.
पुलिस ने आतंकी के शव को बरामद कर लिया है. हालांकि, उसकी आधिकारिक पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि परिवार को बुलाया है और उचित पहचान के बाद ही नाम का खुलासा किया जाएगा.
हमले से पहले आतंकियों ने की थी रेकी
पिछले 6 दिनों से सुरक्षा बल कुलगाम के आतंकियों की तलाश कर रहे थे. इससे पहले एक अहम जानकारी सामने आई है. लश्कर का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट और उसका साथी नासिर डार ने हमले से पहले रेकी भी की थी, जिसकी तस्वीर सामने आई है. एक जगह पर लगे सीसीटीवी में लश्कर का कमांडर लतीफ भट नजर आ रहा है और उसके साथ उसका साथी भी दिखा. सामने आई तस्वीर में काली जैकेट में लतीफ बाईं ओर और उमर दाईं ओर नजर आ रहा है.
लश्कर के कमांडर का साथी है मारा गया आतंकी
पुलिस सूत्रों की मानें, तो मारा गया शख्स संभवतः उमर निसार डार है. वह कुलगाम के अरह गांव का रहने वाला है, जो पिछले कुछ दिनों से लापता था. उसके घर न लौटने के कारण परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखाई थी. पुलिस को पहले से आशंका थी कि वह लश्कर के कमांडर लतीफ भट के साथ जुड़ा है. मुठभेड़ के दौरान निसार डार भट के साथ वहां पर मौजूद था, लेकिन भट मौके से फरार हो गया. बता दें कि तलीफ भट 8 जुलाई से ही सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर है.
यह भी पढ़ें: गैंगस्टर की दुनिया में भी 'ब्रांडिंग' की जंग! गोलियों से दहशत, सोशल मीडिया पोस्ट से दबदबा; अब एक-दूसरे की खोल रहे पोल