)
जम्मू के डोडा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में हिजाब पर शुरू हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है. इस कॉलेज की छात्राओं ने पहले अपनी शिक्षक डॉक्टर मधु और उसके बाद हिजाब को लेकर एक अधिकारी की कथित टिप्पणी को लेकर GNM इंटर्न्स ने जमकर हंगामा काटते हुए करके एक्शन लेने की मांग की है. वहीं इंटर्न्स ने डॉक्टर मधु पर जो आरोप लगाए, उन्हें अस्पताल प्रशासने ने बेबुनियाद बताया है. वहीं डॉक्टर मधु ने कहा, 'उनकी आपत्ति हिजाब को लेकर नहीं, बल्कि प्रॉपर यूनिफॉर्म को लेकर थी. बात निकली तो दूर तक गई, अब जिला पुलिस-प्रशासन ने मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है.
एक अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज कैंपस में हिजाब पहनकर आने को लेकर डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज की मुस्लिम छात्राएं हॉस्पिटल परिसर में प्रोटेस्ट कर रही थी. इन छात्राओं ने धार्मिक नारे भी लगाए. इंटर्न्स छात्राओं का आरोप है कि गाइनी डिपार्टमेंट यानी स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. मधु छिब हिजाब पहनने को लेकर उन्हें कई दिन से लगातार परेशान कर रही थीं.
छात्राओं ने ये भी कहा कि कुछ अन्य लोग भी उन्हें लंबे समय से हिजाब पहनने को लेकर परेशान कर रहे हैं. उनसे लगातार बार-बार हिजाब नहीं पहनने के लिए कहा जाता है. विरोध करने वाली एक छात्रा ने तो यह आरोप लगाया कि एक डॉक्टर ने तो उसका हिजाब खींचकर यब भी कहा था कि हिजाब पहनकर उनके सामने न आया करे.
प्रदर्शनकारी मुस्लिम छात्राओं ने बताया कि हिजाब उनकी पहचान का हिस्सा है और वो इसे कभी नहीं उतारेंगी. इन्हीं छात्राओं के मुताबिक, उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत हायर मैनेजमेंट से की है. वहीं, प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही डोडा पुलिस भी फौरन मौके पर पहुंची. इसी दौरान एक मुस्लिम एसएचओ तारिक ने प्रदर्शनकारी छात्राओं को समझाने की कोशिश की तो छात्राएं उनके ऊपर भी नाराज हो गईं
देखिए वीडियो-
जम्मू के कॉलेज में हिजाब पर हंगामे के बाद SHO तारिक ने कहा, 'हम इस्लाम के बारे में अलग से बात करेंगे. इधर आपको इसके लिए कोई रोकेगा, तो इसके लिए मैं बैठा हूं. लेकिन आप इस चीज का फायदा उठाकर गलत करने की कोशिश करोगे तो ये ठीक नहीं.’ छात्राओं को समझाने की कोशिश का वीडियो वायरल है. pic.twitter.com/daF2cNCMOg
— Shwetank Ratnamber (@swwetanksr) October 2, 2026
एसएचओ ने छात्राओं से आगे कहा कि ‘यहां कोई इस्लामिक हॉस्पिटल नहीं बनाया गया है. ये सभी के लिए है. आप मेरा नाम भी पढ़िए और मेरी बात भी सुन लीजिए. हम इस्लाम के बारे में अलग से बात करेंगे. इधर आपको इसके लिए कोई रोकेगा, तो इसके लिए मैं बैठा हूं. लेकिन आप इस चीज का फायदा उठाकर गलत करने की कोशिश करोगे तो यह ठीक नहीं है.’ छात्राओं को समझाने की कोशिश कर रहे एसएचओ का यही वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल है.
अब पुलिस प्रशासन के अलावा जीएमसी मैनेजमेंट ने भी इंटर्न्स छात्राओं के साथ सामने आए घटनाक्रम की जांच में जुटा है. सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि आगे कभी ऐसे मामले तूल न पकड़े इसलिए इसकी तैयारी हो रही है.