App

भाई-बहन के प्रॉपर्टी विवाद में शर्मिला को झटका, जगन की शिकायत के बाद पुलिस ने घर जाने से रोका, कोर्ट के आदेश का दिया हवाला

आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला को बेंगलुरु में येलहंका की विवादित संपत्ति तक पहुंचने से पुलिस ने रोक दिया. मामला उनके भाई और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी से जुड़े संपत्ति विवाद का है. कोर्ट ने हाल ही में शर्मिला और उनके परिवार से जुड़े लोगों को उस प्रॉपर्टी में किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से रोकते हुए अंतरिम आदेश जारी किया था.

भाई-बहन के प्रॉपर्टी विवाद में शर्मिला को झटका, जगन की शिकायत के बाद पुलिस ने घर जाने से रोका, कोर्ट के आदेश का दिया हवाला
Image Credit: (ANI)

बेंगलुरु पुलिस ने रविवार को आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी को येलहंका स्थित एक संपत्ति में जाने से रोक दिया, जहां उनके भाई और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी फिलहाल रह रहे हैं. स्थानीय पुलिस ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर अदालत के उस आदेश के तहत शर्मिला को परिसर में जाने से रोका गया, जिसमें उनकी या उनसे जुड़े लोगों को वहां जाने से रोकने की बात कही गई है. मामला बीती शाम करीब 6 बजे का है, जब बेंगलुरु के एयर फोर्स क्रॉस पर उन्हें रोक लिया गया. वो एयरपोर्ट से उसी विवादित प्रॉपर्टी की ओर जा रही थीं.

कोर्ट के आदेश का हवाला

देवनहल्ली के वरिष्ठ सिविल जज की अदालत ने 21 नवंबर को एक आदेश जारी किया था. कोर्ट के उस आदेश में शर्मिला, उनके परिवार के सदस्यों, एजेंटों, प्रतिनिधियों और उनकी ओर से काम करने वाले अन्य लोगों को उस संपत्ति पर सिलिकॉन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के कब्जे में दखल देने से रोका गया है.

कैसे हुई गफलत?

पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कोर्ट का आदेश दिखाया और विवादित संपत्ति की ओर नहीं जाने की सलाह देते हुए वापस जाने को कहा. पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी बहन के साथ संपत्ति विवाद को लेकर येलहंका पुलिस में भी एक शिकायत दर्ज कराई थी. जगन ने पुलिस को भी कोर्ट के उस आदेश के बारे में सूचित किया था कि कोर्ट ने विवादित संपत्ति में शर्मिला के प्रवेश पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था.

शर्मिला को अदालत के इस आदेश की जानकारी नहीं थी. पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद उन्हें पूरे घटनाक्रम का पता चला. इसके बाद वह वहां से वापस चली गईं.

इलाके के डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने बताया कि अदालत के आदेश के तहत हमने उन्हें रोका कि वह वहां नहीं जा सकतीं. जैसे ही उन्हें आदेश दिखाया गया, वो वहां से लौट गईं.

परिवारिक मामले में सियासत

आंध्र प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि शर्मिला ने पुलिस से सवाल किया कि उन्हें संपत्ति पर जाने से क्यों रोका जा रहा है.

अमरावती में जारी पार्टी के बयान में कहा गया, 'बेंगलुरु के एयर फोर्स क्रॉस पर APCC प्रमुख वाईएस शर्मिला रेड्डी को पुलिस ने रोक दिया. उन्हें येलहंका स्थित आवास पर जाने से रोका गया. PCC प्रमुख ने पुलिस से पूछा कि अपने ही घर में उनके जाने से क्या गलत है?

वहीं जगन की पार्टी की ओर से मामले को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

जगन-शर्मिला के बीच संपत्ति विवाद क्या है?

पुलिस की यह कार्रवाई वाईएस जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन शर्मिला के बीच चल रहे संपत्ति विवाद के बीच हुई है. बताया जा रहा है कि जगन येलहंका स्थित इसी विवादित संपत्ति में रह रहे हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जगन ने विवाद को लेकर येलहंका पुलिस से संपर्क किया था और सुरक्षा की मांग करते समय कोर्ट के स्टे यानी अदालती रोक के आदेश का हवाला दिया था.

सिलिकॉन बिल्डर्स ने अदालत में दायर मुकदमे में दावा किया कि लीज एग्रीमेंट के तहत संपत्ति पर उसका कानूनी कब्जा है. कंपनी ने आरोप लगाया कि शर्मिला और उनके साथ काम करने वाले लोग संपत्ति पर उसके कब्जे में दखल देने की कोशिश कर रहे थे. सूत्रों के मुताबिक, अदालत के आदेश में शर्मिला और अन्य लोगों को परिसर पर कंपनी के कब्जे में हस्तक्षेप करने से रोक दिया गया है.

बेटी की शादी इसी प्रॉपर्टी से करना चाहती थीं शर्मिला

शर्मिला हाल ही में अपनी बेटी अंजिली की शादी येलहंका स्थित पारिवारिक घर में कराना चाहती थीं, लेकिन भाई जगन की आपत्ति के बाद विवाद इतना बढ़ गया और आखिरकार शादी का आयोजन स्थल बदलना पड़ा. 

शर्मिला ने तब मीडिया को बताया था कि उनकी बेटी अंजलि चाहती है कि उसकी शादी उसी घर से हो, जहां वो पली-बढ़ी, लेकिन जगन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बहन को मना कर दिया.  

इसके बाद 21 नवंबर को अदालत का अंतरिम आदेश आया, जिसमें शर्मिला और उनसे जुड़े लोगों को विवादित संपत्ति पर कब्जे में हस्तक्षेप करने से रोका गया था. शर्मिला को इसकी जानकारी नहीं थी, इसलिए पुलिस ने जब उन्हें रोका तो उनके सामने असहज करने वाली स्थिति बन गई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More