SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

विदेशियों के लिए भारत ने बदले वीजा नियम, 13 से घटाकर 9 की गईं कैटेगरी, 70% तक घटे कॉलम; जानें मोदी सरकार के नए रूल्स

भारत सरकार ने अब विदेशियों के लिए अपने वीजा नियमों में काफी संशोधन कर दिया है. गृह मंत्रालय ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. आइए, जानते हैं कि अब क्या नए वीजा नियम लागू हो गए हैं.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 11, 2026, 11:22 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 11:25 PM IST
Image Credit: भारत ने विदेशियों के लिए अपने वीजा नियम संशोधित कर दिए हैं
Join

मोदी सरकार ने घूमने, पढ़ने और इलाज के लिए भारत आने वाले विदेशियों की राह आसान कर दी है. असल में सरकार ने प्रक्रिया को आसान करते हुए वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है. इसके साथ ही, सब-कैटेगरीज को भी 49 से घटाकर 23 किया गया है. इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर नए बदलावों की घोषणा की.

भारत ने वीजा नियमों को किया आसान

मंत्रालय के नोटिफिकेशन के मुताबिक, सभी 23 उप-श्रेणियों के वीजा आवेदन पत्रों में भरे जाने वाले कॉलम की संख्या को 65-70% तक कम कर दिया गया है. ऐसा करने से यह प्रक्रिया आसान और आवेदक के अनुकूल हो गई है. सरकार ने वीजा नियमों में यह कटौती दूसरी बार की है. इससे पहले अक्टूबर 2025 में सरकार ने मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 कर दी थी. साथ ही, उप-श्रेणियों की संख्या भी 63 से घटाकर 49 की गई थी.

स्टूडेंट वीजा श्रेणी का हुआ पुनर्गठन

नए बदलावों में सरकार ने स्टूडेंट वीजा श्रेणी का पुनर्गठन किया है. इसके तहत इस श्रेणी को दो व्यापक उप-श्रेणियों - S-1 और S-2 में बांटा गया है. यह श्रेणियां इस प्रकार रहेंगी-

S-1 वीजा: यह वीजा भारत में स्कूली एजुकेशन, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई करने वाले विदेशी स्टूडेंट्स को मिलेंगे.

S-2 वीजा: यह वीजा भारतीय विश्वविद्यालयों में पीएचडी स्कॉलर्स, रिसर्च छात्रों, विजिटिंग फैकल्टी, वैज्ञानिक और मानवशास्त्रीय अभियानों, इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत आने वाले विदेशियों को मिलेंगे.

विदेशी स्टूडेंट्स कैसे कर सकते हैं अप्लाई?

नोटिफिकेशन के मुताबिक, अगर कोई विदेशी स्टूडेंट भारत में पढ़ाई करना चाहता है तो वह 'स्टडी इन इंडिया' पोर्टल के जरिए भारतीय शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर सकता है. इस पोर्टल पर रजिस्टर्ड होने वाले विदेशी छात्रों को अधिकतम 5 साल या उनके शैक्षणिक पाठ्यक्रम की अवधि तक (जो भी कम हो) के लिए e-S1 वीजा दिया जा सकता है. यह वीजा मिलने पर उसे मल्टीपल एंट्री यानी कई बार भारत आने-जाने की अनुमति मिल जाती है.

बदला गया टूरिस्ट वीजा का नाम

इसके साथ ही नए वीजा नियमों के तहत, अब तक जारी होते रहे टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया गया है. इसके अलावा मेडिकल, स्टूडेंट और बिजनेस वीजा से जुड़े प्रावधानों को भी नए सिरे से तय किया गया है. इन नियमों के हिसाब से अब गृह मंत्रालय अपने IT सिस्टम को अपडेट कर रहा है. माना जा रहा है कि इस साल के अंत तक वह संशोधित नियमों के तहत विदेशियों को वीजा देना शुरू कर देगा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES