)
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में नहीं खिलाने का मामला स्पोर्ट्स गलियारों के साथ-साथ अब राजनीति में चर्चा में का विषय बन गया है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया है कि यह सिर्फ उनके नाम की वजह से है. यानी उन्होंने सीधे कह दिया है कि उन्हें उनकी धर्म की वजह से टीम में जगह नहीं मिली. हालांकि, मसूद अपने इस बयान की वजह से अपनी ही पार्टियों के नेताओं के विरोध का सामना कर रहे हैं.
कांग्रेस के राज्यसभा MP रंजीत रंजन ने मसूद के बयान की आलोचना की और उन्हें खेलों में धर्म को न लाने की सलाह दी. इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रंजन ने कहा,'मैं बस मसूदजी से गुजारिश करूंगा कि सियासत और खेल को अलग रखें. प्लीज, हमें स्पोर्ट्स में दखल नहीं देना चाहिए. स्पोर्ट्स का अपना डोमेन है, मेरिट के लिए अपने क्राइटेरिया हैं और हर खिलाड़ी का अपना यूनिक स्ट्रगल होता है. मेरा पक्का मानना है कि भले ही हम पॉलिटिकल पैंतरेबाजी में शामिल हों, लेकिन हमें स्पोर्ट्स या एथलीट्स को अपनी पॉलिटिकल बातचीत में नहीं घसीटना चाहिए. मुझे यह बिल्कुल भी मंजूर नहीं है.'
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी और कहा,'खेल के तौर पर क्रिकेट में, मुझे लगता है कि नफरत या धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है. सबसे पहली बात, जब हम 'टीम इंडिया' की बात करते हैं, तो इसमें सबसे अहम 'इंडिया' है और हमने हमेशा क्रिकेट को उसके सबसे बेहतरीन रूप में देखा है. मैं कहूंगी कि यह धार्मिक बंटवारा या नफरत फैलाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. मुझे लगता है कि जो खिलाड़ी सबसे अच्छे फॉर्म में हैं और एक टीम के तौर पर उस टूर्नामेंट के लिए सबसे उपयुक्त हैं, उन्हें ही चुना गया है. इसलिए मुझे संदेह है, क्योंकि मैंने कभी क्रिकेट को राज्यों, धर्म या संस्कृति के आधार पर बंटते हुए नहीं देखा है. इसलिए हमें इन सब चीजों से दूर रहना चाहिए. मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि हमें अपने देश में नफरत और बंटवारे का ऐसा माहौल नहीं बनाना चाहिए.'
#WATCH | Delhi: On Congress MP Imran Masood alleging discrimination against cricketer Mohammed Siraj following his omission from the Indian Test squad, Congress leader Mumtaz Patel says, "In cricket as a sport, I think there is no space for hate or this religious divide. Firstly, when we talk about Team India, I think the most prominent thing in that is India, and we've always seen cricket in its highest form. I would say that this religious divide, hate divide, is not acceptable. I think cricketers in the best form, best suited in that particular tournament as a team, have been put together. So I doubt because I have never seen cricket being divided in the name of states or religion, culture. So let's keep this away. I would want to say that let's not create this atmosphere of hate and divide in our country..."
— ANI (@ANI) November 21, 2026
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इस मामले पर कहा,'मोहम्मद सिराज हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं, वे एक ऑटो-रिक्शा चालक के बेटे हैं. उन्होंने बहुत कड़ी मेहनत की है. दुनिया शायद उन बलिदानों और मुश्किलों के बारे में नहीं जानती जो उन्होंने झेली हैं, फिर भी, अपनी सख्त मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर, वे भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेले हैं और 144 टेस्ट विकेट लिए हैं. सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है; उन्हें दबाना या किनारे कर देना आसान नहीं है. सिराज वापसी करेंगे.'
ओवैसी ने आगे कहा,'इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में, उन्होंने सभी पांच मैच खेले, एक तेज गेंदबाज के तौर पर 1113 गेंदें फेंकीं और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने. वे एक सच्चे फाइटर हैं. इसके अलावा, उनका चरित्र और सादगी मिसाल कायम करने वाली है. मुझे पूरा भरोसा है कि सिराज वापसी करेंगे, लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलते रहेंगे और टीम को और भी बड़ी सफलता दिलाने में मदद करेंगे.'
इससे पहले शुक्रवार को न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए मसूद ने दावा किया था कि उनके नाम की वजह से उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद तेज़ गेंदबाज को प्लेइंग XI में नहीं चुना गया. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया,'कहा जा रहा है कि उनके अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई. उनका नाम 'सिराज' है और इसीलिए उन्हें जगह नहीं दी गई. अगर आप उनके अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो भेदभाव साफ है.'
#WATCH | Delhi: On Cricketer Mohammed Siraj, Congress MP Imran Masood says, "It is being said that despite his good performance, he was not given a place in the team. His name is 'Siraj ', and that is why he was not given a place. If you are not selecting him despite his good performance, the discrimination is clear."
— ANI (@ANI) November 20, 2026
यह मामला सिर्फ रानीति में चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि कई सीनियर खिलाड़ियों ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. भारतीय टीम पूर्व कप्तान कपिल देव ने इमरान मसूद के के संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा,'सलेक्टर्स से पूछिए. मैं कोई नहीं हूं. देखिए, हम जैसे लोगों को इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. अगर यह जिम्मेदारी संभालने वाले ग्रुप को जवाब देना है, तो उन्हें जवाब देना चाहिए. मुझे लगता है कि वे अच्छा काम कर रहे हैं. हम सबको खुश नहीं कर सकते.'
कपिल देव ने आगे कहा,'किसी व्यवस्था की आलोचना सिर्फ इसलिए नहीं की जा सकती क्योंकि वह व्यवस्था उसी तरह बनी है. मान लीजिए, भारतीय क्रिकेट अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, यह ज्यादा अहम है. मैं उन्हें पसंद करता हूं, लेकिन मुझे लगता है कि सलेक्टर्स, मैनेजमेंट और कप्तान को ही चयन करना होता है. हमारी पसंद-नापसंद मायने नहीं रखनी चाहिए, बल्कि यह मायने रखना चाहिए कि संगठन किस तरह योजना बना रहा है.'
सुनील गावस्कर भी इस फैसले से नाखुस नजर आए. उन्होंने कहा,'जब उन्हें टेस्ट टीम में जल्दी शामिल नहीं किया गया था, तब से ही इशारे मिल रहे थे. मुझे लगा था कि जब उन्होंने आखिरी वनडे खेला था, तब उन्हें खिलाया जाएगा, लेकिन यह हैरानी की बात है. मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को मायूस किया है. उन्होंने कभी भारत को निराश नहीं किया है.'
गावस्कर ने आगे सुझाव दिया कि सिराज को टीम से बाहर करने का फैसला निराधार है, क्योंकि उनकी फॉर्म को लेकर किसी तरह की चिंता का कोई संकेत नहीं मिला है, और उम्मीद जताई कि भारत को इस फैसले पर पछतावा नहीं होगा. उनकी गेंदबाजी में कोई कमी नहीं आई है. उनकी लय अच्छी है. हाल ही में उन्होंने जितना भी क्रिकेट खेला है, उससे तो यही लगता है कि उनका प्रदर्शन बढ़िया रहा है. उन्हें क्यों नहीं चुना गया, यह मेरी समझ से परे है. मुझे उम्मीद है कि उनसे पहले चुने गए अन्य खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे.'
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज चल रही है. जिसका पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेले जा रहा है. कप्तान शुभमन गिल ने मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी. भारत ने जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण उतारा.