UP से बिहार तक मौसम ने ली अंगड़ाई, 'अर्नब' चक्रवात से आज 17 राज्यों में प्रचंड बारिश-तूफान की चेतावनी; अलर्ट जारी
IMD Weather Alert 26 September 2026: यूपी से बिहार तक मौसम ने अंगड़ाई ली है. 'अर्नब' चक्रवात की वजह से आज देश के 17 राज्यों में प्रचंड बारिश-तूफान की चेतावनी जारी की गई है.
IMD Rain Alert 26 September 2026: यूपी और बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है. ओडिशा में 3 दिन पहले आए 'अर्नब' चक्रवात का असर अब उत्तर भारत के राज्यों में दिखने लगा है, जिससे तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
अर्नब चक्रवात का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
तीन दिन पहले ओडिशा में आए इस तूफान का असर अब उत्तर और पूर्वी राज्यों में भी नजर आ रहा है. कई इलाकों में तेज बारिश और हवाओं का दौर जारी है. भारी बारिश को देखते हुए उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. राजधानी लखनऊ में करीब 30 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण राज्य के 32 जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
पहले ओडिशा में दी दस्तक अब पूरे देश में दिखा असर
ओडिशा में तीन दिन पहले दस्तक देने वाले अर्नब चक्रवात का असर अब दूसरे राज्यों में भी दिखने लगा है. उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है. कई इलाकों में बादल छाए हैं, जबकि कुछ जगहों पर बारिश का दौर शुरू हो गया है. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. आसमान में बादल छाने के साथ तापमान में भी बदलाव दर्ज किया जा रहा है. कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है.
यूपी के 32 जिलों में बाढ़ का खतरा
अर्नब चक्रवात के चलते देश के 17 राज्यों यूपी, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस बारिश के दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे. भारी बारिश के चलते यूपी में 13 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लखनऊ में 30 घंटे से लगातार बारिश के चलते 32 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. लखनऊ और कानपुर में जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूल 26 सितंबर को यानी आज अवकाश घोषित किया गया है.
बिहार तक पहुंचा चक्रवात असर
बिहार में भी अर्नब चक्रवात के चलते मौसम का मिजाज बदला-बदला दिख रहा है. कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बारिश के आसार बने हैं. मौसम में इस बदलाव का असर आने वाले दिनों में और साफ दिखाई दे सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. बारिश और बादलों के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 26 सितंबर को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. इस दौरान 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बारिश की वजह से आज मौसम ठंडा महसूस होगा और अधिकतम तापमान 32 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
झारखंड में बारिश के साथ तेज हवा
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह, देवघर, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, पलामू और खूंटी समेत कई इलाकों में 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के साथ ही राज्य में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मौसम विभाग ने रांची जिले भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए 'येलो अलर्ट' घोषित किया है. इसके देखते हुए रांची के जिला मजिस्ट्रेट ने कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को आज बंद रखने का आदेश दिया है.
उत्तराखंड में बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तराखंड में भी आज मौसम बदला नजर आएगा. राज्य के नैनीताल, चमोली, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, देहरादून, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और हरिद्वार में भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
चारधाम यात्रा के लिए बनी ये योजना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 और 27 सितंबर के लिए गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों के वास्ते ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है. चूंकि चार धाम यात्रा इस समय अपने दूसरे चरण में चल रही है, इसलिए गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए स्थिति की समीक्षा के लिए मंडल के सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक की.
जिलाधिकारियों से मिले फीडबैक और स्थानीय स्थितियों के आकलन के आधार पर यात्रा को स्थगित न करने का निर्णय लिया गया है. हालांकि, भारी बारिश की स्थिति में, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें मौजूदा हालात के आधार पर सबसे नजदीकी निर्धारित होल्डिंग एरिया में रोक दिया जाएगा.
लोगों से सरकार के नियम मानने की अपील
गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने बताया कि यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है. जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने चार धाम यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति का जायजा लेने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने के बाद ही यात्रा शुरू करें. उन्होंने भारी बारिश या खराब मौसम के दौरान तीर्थयात्रियों से उनकी सुरक्षा के हित में प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णयों में सहयोग करने का भी आग्रह किया.
हिमाचल में 26-27 सितंबर को मौसम बिगड़ेगा
भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, ऊना, शिमला, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, सोलन, कुल्लू और हमीरपुर में 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, गांदरबल, जम्मू, कठुआ, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और अनंतनाग में आज भारी बारिश के साथ आंधी आ सकती है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
पश्चिम बंगाल में तेज बारिश और हवा
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, बांकुड़ा, उत्तर दिनाजपुर, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, बीरभूम, दार्जिलिंग, दुर्गापुर और हावड़ा में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.