SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

त्योहारों के सीजन में मौसम का यू-टर्न, 22 से 27 अक्टूबर तक कई राज्यों में फिर बरसेंगे बादल; जानिए दिल्ली-NCR का हाल

त्योहारों के सीजन में मौसम एक बार फिर पलटी मारने वाला है. मौसम विभाग ने 22 से 27 अक्तूबर के बीच देश के कई राज्यों में भारी बरसात की संभावना जाहिर की है.

Written By Devinder Kumar
Published: Oct 21, 2026, 09:57 PM IST | Updated: Oct 21, 2026, 10:07 PM IST
Image Credit: देश में फिर बारिश का मौसम
Join

देश में मानसून का दौर भले ही जा चुका हो लेकिन बारिश का सिलसिला थमा नहीं है. अब पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश में फिर से भारी बारिश का माहौल बन रहा है. खासकर 22 से 25 अक्तूबर के बीच कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 27 अक्तूबर का मौसम अपडेट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और बदल रहे मौसम के हिसाब से अपने खान-पान और कपड़ों में बदलाव करने की अपील की है. आइए जानते हैं कि अगले 6 दिनों में देशभर का मौसम कैसा रहने वाला है.

इन इलाकों में 25 अक्तूबर तक होगी झमाझम बारिश

IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर तमिलनाडु तट से दूर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसकी वजह से 22 से 25 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों और लक्षद्वीप में भी इसी अवधि में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है.

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 22 से 26 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के तटीय और बाढ़-संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. साथ ही, स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील भी की गई है. खासकर, सुबह और शाम के वक्त तापमान में गिरावट के चलते स्वास्थ्य के प्रति एहतियात बरतने की जरूरत है.  

उत्तर भारत में आ रहा नया पश्चिम विक्षोभ

उत्तर भारत की बात करें तो 24 अक्टूबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 24-25 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. हालांकि, बड़े पैमाने पर बारिश की संभावना नहीं दिख रही है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनियों के विपरीत, दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 22 से 27 अक्तूबर के बीच आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस अवधि में बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं हैं.

दिल्ली-एनसीआर का कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. अब रात और सुबह के वक्त सर्द हवाओं का एहसास बढ़ने लगा है. यह उत्तर भारत में ठंड की आहट को जता रही है. साथ ही, इस बात का इशारा भी कर रही है कि अब मौसम तेजी से बदल रहा है. लिहाजा गर्म कपड़ों को निकाल लें और ठंडी चीजों को खाने से तौबा करना शुरू कर दें. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES