देश में मानसून का दौर भले ही जा चुका हो लेकिन बारिश का सिलसिला थमा नहीं है. अब पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश में फिर से भारी बारिश का माहौल बन रहा है. खासकर 22 से 25 अक्तूबर के बीच कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 27 अक्तूबर का मौसम अपडेट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और बदल रहे मौसम के हिसाब से अपने खान-पान और कपड़ों में बदलाव करने की अपील की है. आइए जानते हैं कि अगले 6 दिनों में देशभर का मौसम कैसा रहने वाला है.
IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर तमिलनाडु तट से दूर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसकी वजह से 22 से 25 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों और लक्षद्वीप में भी इसी अवधि में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
Heavy Rainfall Warning | 21–27 October 2026 Under the influence of the low-pressure area over the Southwest Bay of Bengal off the Tamil Nadu coast, isolated heavy to very heavy rainfall is likely over Tamil Nadu, Puducherry & Karaikal and Kerala during 21–25 October. Heavy rainfall is also likely over parts of South Peninsular India and Lakshadweep during 21–27 October. Stay alert and follow official weather updates. #IMD #WeatherUpdate #RainfallWarning #HeavyRainfall @moesgoi @airnewsalerts @DDNational @ndmaindia
— India Meteorological Department (@Indiametdept) October 21, 2026
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 22 से 26 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के तटीय और बाढ़-संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. साथ ही, स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील भी की गई है. खासकर, सुबह और शाम के वक्त तापमान में गिरावट के चलते स्वास्थ्य के प्रति एहतियात बरतने की जरूरत है.
उत्तर भारत की बात करें तो 24 अक्टूबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 24-25 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. हालांकि, बड़े पैमाने पर बारिश की संभावना नहीं दिख रही है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनियों के विपरीत, दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 22 से 27 अक्तूबर के बीच आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस अवधि में बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं हैं.
दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. अब रात और सुबह के वक्त सर्द हवाओं का एहसास बढ़ने लगा है. यह उत्तर भारत में ठंड की आहट को जता रही है. साथ ही, इस बात का इशारा भी कर रही है कि अब मौसम तेजी से बदल रहा है. लिहाजा गर्म कपड़ों को निकाल लें और ठंडी चीजों को खाने से तौबा करना शुरू कर दें.