)
उत्तर भारत में अब ठंड ने असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है. सुबह और रात में ठंड का अहसास होने लगा है. वहीं देश भर की सुर्खियों में रहने वाली दिल्ली की हवा की हालत गुरुवार की सुबह भी खराब रही. आज सुबह 5 बजे दिल्ली का औसत AQI 238 दिखा रहा था और इसे खराब श्रेणी में रखा गया. सुबह 6 बजे के आसपास दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई करीब 250 रहा. CAQM के लाइव डैशबोर्ड पर भी 26 नवंबर को दिल्ली की हवा Poor यानी खराब श्रेणी में थी.
मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी पैन इंडिया अपडेट के मुताबिक आज देश में मौसम का मिलाजुला रूप देखने को मिलेगा. कहीं सर्द तो कहीं गर्म और कहीं पर झमाझम बारिश का अलर्ट है. दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह हल्का कोहरा नजर आया.
यूपी के मौसम का हाल: मौसम विभाग के मुताबिक 26 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. दिन और रात के पारे में शुक्रवार से गिरावट के आसार हैं. इस दौरान दिन और रात का पारा 1 से 2 डिग्री और नीचे खिसक सकता है. सुबह-शाम की ठंड और बढ़ेगी, दोपहर में खिली-खिली गुनगुनी धूप राहत देगी.
बिहार के मौसम का हाल: सुबह-सुबह बिहार के सभी जिलों में कोहरा छाया रहा. सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंड महसूस हो सकती है.