SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मस्जिद में पनाह, सरेंडर से इनकार और फिर ढेर, कैसे मारा गया कारपेंटर से आतंकी बना लश्कर कमांडर लतीफ भट?

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने मार गिराया. उसपर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम रखा था. भट के मारे जाने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.

Written By Khalid Hussain Edited By abhinav tripathi
Published: Nov 18, 2026, 12:43 IST | Updated: Nov 18, 2026, 12:50 IST
Image Credit: कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ढेर. (फोटो- एआई)
Join

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. कश्मीर के मोस्ट वांडेट आतंकियों में शामिल  घाटी में एकलौता लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का सक्रिय स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट बुधवार (18 नवंबर) को मुठभेड़ में ढेर हो गया. इससे पहले मंगलवार को सुरक्षा बलों ने लतीफ भट के साथी उमर नासिर डार को मार गिराया था. सुरक्षाबलों को मिली इस कामयाबी पर केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि तीन दिन में दो आतंकियों का अंत हुआ है.

दरअसल, यह मुठभेड़ देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में हुई, जहां आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया था. अधिकारियों ने बताया कि लतीफ भट एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था, तभी सुरक्षा बलों का उससे आमना-सामना हुआ. आतंकी को सरेंडर करने का मौका दिया गया, लेकिन उसने मना कर दिया, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई और वह मारा गया. आतंकी और सुरक्षाबलों के बीच बातचीत का वीडियो भी सामने आया है.

अमित शाह ने क्या कहा?

कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी कमांडर के मारे जाने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी सामने आई है. अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि JKP, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी, लतीफ भट को मार गिराया गया.

उन्होंने आगे लिखा कि इससे एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मार गिराया गया था. इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला. देश JKP, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है.

धार्मिक स्थल को नहीं पहुंचा कोई नुकसान

इस एनकाउंटर को लेकर अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इस अभियान के दौरान बहुत संयम बरता, ताकि धार्मिक स्थल को कोई नुकसान न पहुंचे. यह पूरा अभियान मस्जिद को बिना किसी नुकसान पहुंचाए संपन्न हुआ.

लतीफ भट कुलगाम के अशमुजी इलाके के ख्रेवन चादर का रहने वाला है. वह लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर था. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भट पर  15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. केवल 22 साल की उम्र में ही वह कश्मीर घाटी में सक्रिय सबसे वांटेड स्थानीय आतंकी कमांडरों में से एक बन गया था.

एक साल पहले आतंकी गुट में शामिल हुआ था भट

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लतीफ भट कथित तौर पर 18 नवंबर 2025 को आतंकी गुट में शामिल हुआ था, यानी मारे जाने से ठीक एक साल पहले वह आतंकी बना था. आतंकवाद की राह चुनने से पहले, उसने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी, कुछ समय के लिए कुलगाम के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में भी गया था और बाद में बढ़ई (कारपेंटर) का काम करता था.

कुलगाम हमले में शामिल था भट

जांचकर्ताओं ने दक्षिण कश्मीर में आतंकी घटनाओं से भट का संबंध जोड़ा था. इनमें कुलगाम के अखरान में 11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुआ हमला भी शामिल है, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे. उस हमले से पहले, अपने साथी उमर निसार डार के साथ मिलकर संभावित ठिकानों की रेकी (निगरानी) करने में भी उसका हाथ होने का संदेह था. 16 नवंबर को कुलगाम के लारू बाईपास पर एक मुठभेड़ में उसका साथी, उमर निसार डार मारा गया.

 

हालांकि, उस समय भट सुरक्षा घेरे से भाग निकलने में कामयाब रहा, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसे खोजने के लिए अपना तलाशी अभियान तेज कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि डार ने कथित तौर पर कई महीनों तक भट को पनाह दी थी और उसे लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई थी. जांचकर्ताओं ने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसमें कथित तौर पर दोनों को सीआरपीएफ पर हमले से पहले कुलगाम की अलग-अलग जगहों पर घूमते हुए देखा गया.

यह भी पढ़ें: लश्कर कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में ढेर, कुलगाम में CRPF टीम पर हमले का था मास्टरमाइंड; सरेंडर करने का मिला था मौका

यह भी पढ़ें: 'सरेंडर करोगे, तो बच जाओगे', जवानों ने दिया था अल्टीमेटम; आतंकी लतीफ भट का जवाब- अल्लाह के सिवा कोई नहीं मेरा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES