)
अजय कश्यप/बरेली: गीतकार और लेखक जावेद अख्तर द्वारा भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए हालिया बयान पर अब मुस्लिम धर्मगुरुओं की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है. ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए जावेद अख्तर के बयान को उनकी 'व्यक्तिगत राय' करार दिया है. इसके साथ ही उन्होंने 'रामराज्य' की अवधारणा पर भी अपना रुख स्पष्ट किया.
मौलाना शहाबुद्दीन बरेलवी ने कहा कि श्रीराम को लेकर जो बात जावेद अख्तर ने कही है, वह पूरी तरह से उनका निजी विचार और व्यक्तिगत राय हो सकती है.
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि देश में अलग-अलग विचारधाराओं और मान्यताओं को मानने वाले लोग हैं. एक वर्ग भगवान श्रीराम को अपना आदर्श मानता है, जबकि दूसरे वर्ग के अपने महापुरुष हैं और वे उनके बताए रास्ते पर चलते हैं.. जावेद अख्तर साहब की सोच से बहुत से लोग इत्तेफाक नहीं करेंगे, क्योंकि अगर सियासी नजर से देखें तो ये समझा जाता है कि राम राज्य लाने की बात हो रही है.
मौलाना शहाबुद्दीन नेरामराज को लेकर कहा कि आज कई राजनीतिक लोग रामराज की बात करते हैं. अगर रामराज का मतलब लोगों को सुरक्षा देना, उनकी हिफाजत करना और सभी के साथ अच्छा व्यवहार करना है तो ऐसे रामराज की कामना करने में कोई हर्ज नहीं है. हर तबके के साथ किसी तरह का भेद भाव नहीं किया जाए. जान माल की हिफाजत की जाए. ऐसे रामराज की कल्पना करने में कोई हर्ज की बात नहीं है.उन्होंने कहा कि भारत बहुत सारे महापुरुषों के नामों से जाना जाता है. करोड़ों लोग इन महापुरुषों के अनुयायी हैं. ये उनका अपना नजरिया है और इसको अगर तहजीब से जोड़कर देखें तो खूबसूरती नजर आती है. मौलाना ने कहा कि हर व्यक्ति और समुदाय की अपनी मान्यताएं हो सकती हैं. ऐसे में अलग-अलग विचारों और महापुरुषों का सम्मान किया जाना चाहिए.
17 नवंबर 2026 को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान जावेद अख्तर ने भगवान श्रीराम को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि एक आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। राम भारतीय संस्कृति का हिस्सा हैं और चाहे कोई भी धर्म हो, राम हर भारतीय के खून में हैं। उन्होंने ये बात अपनी फिल्म 'स्वदेस' के गाने 'पल-पल है भारी' की लाइन 'मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं' के संदर्भ में कही थी.