टॉयलेट के शीशे पर लिखी थी हाईजैकिंग की धमकी, उड़ान से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर विस्तारा के विमान में हड़कंप
कोलकाता से उड़ान भरने से पहले बुधवार को एक विमान में हाईजैक अलर्ट आया, जिससे हड़कंप मच गया. पायलट ने ATC को इसकी सूचना दी. यह घटना दमदम एयरपोर्ट पर हुई.
कोलकाता से उड़ान भरने से पहले बुधवार को एक विमान में हाईजैक अलर्ट आया, जिससे हड़कंप मच गया. पायलट ने ATC को इसकी सूचना दी. यह घटना दमदम एयरपोर्ट पर हुई. एयर इंडिया (विस्तारा) की यह फ्लाइट कोलकाता से मुंबई जा रही थी. यह घटना सुबह 10 बजकर 20 मिनट की है. विमान में 5 क्रू मेंबर और 108 यात्री सवार थे. विमान के टॉयलेट के शीशे पर हाईजैक की धमकी की बात लिखी हुई थी. इसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी. फिलहाल विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
पायलट ने एटीसी को भेजा अलर्ट
टेलीग्राफ के मुताबिक, माना जा रहा है कि यह अलर्ट किसी यात्री से जुड़ी समस्या के कारण जारी हुआ है. बुधवार सुबह जब फ्लाइट AI 772 उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, तब पायलट ने ATC को यह अलर्ट मैसेज भेजा. सूत्रों के अनुसार, विमान के वॉशरूम में एक शीशे पर हाईजैक से जुड़ा कोई संदेश लिखा हुआ मिला था. एक अधिकारी ने बताया, 'हवाई अड्डे की तलाशी के लिए सुरक्षाकर्मी, दमकल विभाग के कर्मचारी और बम निरोधक दस्ते के सदस्यों को तैनात किया गया है. यात्रियों को उनके विमान से बाहर निकाल लिया गया है.'
आइसोलेशन बे में हो रही विमान की जांच
फिलहाल, विमान को एक आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF और एयरपोर्ट सुरक्षा के विशेष कर्मियों ने गहन तलाशी अभियान शुरू किया. किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाने के लिए विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे कौन हो सकता है. अधिकारी फिलहाल एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं.
मापुसा के PI अनंत गांवकर ने ANI को बताया,'कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान टेकऑफ से ठीक पहले मिले एक धमकी भरे अलर्ट के बाद आइसोलेशन बे में ले जाया गया. सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत जांच शुरू कर दी. स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और आगे की जानकारी का इंतजार है.'