SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'भीड़ में जाने के लिए किसने कहा?' राजीव गांधी की सिक्योरिटी को लेकर राहुल के आरोपों पर हरिवंश का पलटवार

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा में चूक को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने तीखा पलटवार किया है. जानिए उन्होंने भीड़ में जाने की सलाह और तत्कालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या बड़े सवाल उठाए.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 25, 2026, 19:26 IST | Updated: Nov 25, 2026, 19:58 IST
Image Credit: ANI X Video Grab - राहुल गांधी के आरोपों पर हरिवंश नारायण सिंह का पलटवार, पूछा- कांग्रेस में कौन था LTTE के संपर्क में?
Join

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर अब राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. तत्कालीन प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के कार्यकाल में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में अतिरिक्त सूचना सलाहकार रहे हरिवंश ने इस पूरे प्रकरण पर तथ्यों को सामने रखते हुए कहा कि संवेदनशील मुद्दों पर केवल प्रमाणित सत्य ही जनता के सामने रखा जाना चाहिए.

हरिवंश नारायण सिंह के अनुसार, राजीव गांधी की हत्या भारतीय राजनीति का एक बेहद दुखद अध्याय है. उन्होंने कहा कि उच्च पदों पर बैठे लोगों को ऐसे गंभीर और संवेदनशील मामलों में भ्रम फैलाने या प्रोपेगेंडा करने के बजाय केवल सत्य और सत्यापित तथ्य ही सामने रखने चाहिए. उन्होंने इस मामले से जुड़े सात प्रमुख पहलुओं का जिक्र करते हुए तत्कालीन परिस्थितियों का हवाला दिया.

चंद्रशेखर की आत्मकथा का दिया हवाला

हरिवंश ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की आत्मकथा 'चंद्रशेखर: जिंदगी का कारवां' किताब में लिखी कोट का जिक्र करते हुए बताया कि सुरक्षा एजेंसियां राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंतित थीं. आत्मकथा के मुताबिक, एजेंसियों ने उनसे बार-बार सुरक्षा प्रोटोकॉल न तोड़ने का आग्रह किया था. हरिवंश ने बताया कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने स्वयं राजीव गांधी को सावधानी बरतने की सलाह दी और सुरक्षा उपायों का पालन करने के लिए उन्हें दो बार पत्र भी लिखा.

करीबियों पर राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता देने का आरोप

चंद्रशेखर के लेखन का हवाला देते हुए हरिवंश ने कहा कि राजीव गांधी के अपने सहयोगियों ने ही उनकी सुरक्षा के ऊपर राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी थी. आत्मकथा में दर्ज विवरण के अनुसार, उनके सहयोगियों ने उन्हें जनता से सीधे घुलने-मिलने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे सुरक्षा घेरा टूटने की स्थितियां पैदा हुईं. हरिवंश का कहना है कि सुरक्षा में हुई इस चूक के लिए उनके अपने करीबी ही जिम्मेदार थे.

लिट्टे से संपर्क और खुफिया चेतावनियों की अनदेखी

हरिवंश नारायण सिंह ने आत्मकथा के उस हिस्से को भी साझा किया जिसमें चुनावी दौर की घटनाओं का जिक्र है. इसके अनुसार, ऐसी खबरें थीं कि राजीव गांधी ने अपने कुछ विश्वस्त सहयोगियों के माध्यम से लिट्टे (LTTE) से संपर्क साधा था, और लिट्टे ने उन्हें भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया था. हरिवंश ने स्पष्ट किया कि उनके करीबी लोगों ने सुरक्षा अधिकारियों को अंधेरे में रखकर यह संपर्क किया था. राजीव गांधी ने इस आश्वासन पर भरोसा कर लिया, जबकि सरकार के पास अलग खुफिया जानकारी थी और वह लगातार चेतावनी जारी कर रही थी. न तो राजीव गांधी और न ही उनके समर्थकों ने सरकार की सुरक्षा संबंधी खुफिया रिपोर्टों पर ध्यान दिया.

राजीव गांधी को भीड़ में जाने के लिए किसने कहा था?

राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कांग्रेस से कई सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि कांग्रेस के भीतर कौन लोग लिट्टे (LTTE) के संपर्क में थे और किसने राजीव गांधी को यह भरोसा दिलाया था कि लिट्टे उनसे बातचीत कर चुका है और कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा.

यह भी पढ़ेंः बचपन की यादें और परिवार से खूब बातें... राहुल गांधी ने शेयर की खास पोस्ट; इमोशनल वीडियो पर सोनिया गांधी का कैसा था रिएक्शन?

हरिवंश ने यह भी सवाल उठाया कि राजीव गांधी के करीबी कौन लोग थे, जिन्होंने उन्हें भीड़ के बीच जाने के लिए प्रोत्साहित किया और सुरक्षा अलर्ट को उनकी लोकप्रियता कम करने की सरकारी कोशिश बताया. उन्होंने कहा कि इन लोगों की पहचान होनी चाहिए और यदि इस मामले की जांच नहीं हुई है, तो अब भी जांच की मांग उठनी चाहिए. हरिवंश नारायण सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के कार्यकाल में प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सूचना सलाहकार भी रह चुके हैं.

मानव बम का शिकार और चंद्रशेखर की पीड़ा

चंद्रशेखर की किताब के हवाले से हरिवंश ने बताया कि राजीव गांधी के साथ धोखा हो रहा था, जिसका अंदाजा नहीं लगाया जा सका. सरकार की ओर से बार-बार अलर्ट जारी किए गए थे कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है, लेकिन यह आकलन की विफलता साबित हुई और अंततः वे एक 'मानव बम' की घातक साजिश का शिकार हो गए.

उस रात की यादों को ताजा करते हुए हरिवंश ने बताया कि चंद्रशेखर को राजीव गांधी की हत्या की खबर भुवनेश्वर में मिली थी. हरिवंश उस रात चंद्रशेखर के साथ ही यात्रा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से देखा था कि इस खबर से चंद्रशेखर कितने आहत और व्यथित हुए थे. अंत में हरिवंश ने कहा कि यदि हम अपने निजी स्वार्थों के लिए राष्ट्र के सामने प्रामाणिक तथ्य रखने के बजाय लोगों में भ्रम फैलाते हैं, तो इससे बड़ा अन्याय और कुछ नहीं हो सकता.

राहुल गांधी की पोस्ट की गई इस वीडियो में 16 मिनट के बाद राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सिक्योरिटी जानबूझकर हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या की जा सके...

'मेरे पिता की सिक्योरिटी जानबूझ कर हटाई गई, ताकि... '

इसके पहले राहुल गांधी ने इस बात का दावा किया था कि 'मेरे पापा की सुरक्षा इसलिए हटा दी गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके.' पूर्व एयरलाइन पायलट रहे राजीव गांधी, अपनी मां- इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बने. कई सालों तक उन्होंने सुरक्षा के चलते बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी और उनकी कड़ी सुरक्षा की गई, जिस पर उनके विरोधियों ने उनका मजाक भी उड़ाया. फिर 1989 के चुनाव आए, जिसमें राजीव गांधी हार गए. 21 मई को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर पहुंचे. वहां एक महिला सुसाइड बॉम्बर एक धमाका करती है, जिसमें राजीव गांधी की जान चली जाती है. उस समय उनकी उम्र 46 साल थी.

यह भी पढ़ेंः राहुल गांधी को 'सुप्रीम' राहत, ED-CBI नहीं करेगी आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच; हाईकोर्ट में फिर होगी सुनवाई

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES