नशीली कफ सिरप का स्टॉक बरामद: करीब सवा लाख कीमत की 600 बोतलें जब्त, गुजरात पुलिस की रेड में क्या पता चला?
नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर कार्रवाई करने के दौरान पुलिस को घर में जमा प्रतिबंधित इस्तेमाल वाली कफ सिरप का स्टॉक मिला. जांच कर रही पुलिस टीम के मुताबिक, इस रैकेट से जुड़े आरोपी इस खेप को ऊंचे दाम पर बेचकर कमाई करने की फिराक में थे. जब्त सामान में सिरप की बोतलों के साथ एक मोबाइल फोन भी शामिल है. मामले में आगे की जांच जारी है.
गुजरात पुलिस ने बगोदरा में अपनी रेड के दौरान नशीली कफ सिरप का एक भारी जखीरा बरामद किया है. अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की एंटी नारकोटिक्स विंग ने बगोदरा पुलिस थाना क्षेत्र से नशीली कफ सिरप की बोतलें जब्त की हैं. पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की जो 600 बोतलें जब्त कीं, उनकी बाजार में कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने रेड के दौरान मौका ए वारदात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस रेड में बावला तालुका के कानोटर गांव के रहने वाले अमृतभाई प्रभुभाई राठौड़ को इस अवैध स्टॉक के साथ गिरफ्तार किया.
खुफिया इनपुट पर रेड
स्थानीय पुलिस के कुछ अधिकारियों को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर में नशीली कफ सिरप जमा कर रहा है, ताकि इसे ज्यादा कीमत पर बेचकर वो मुनाफा कमा सके. इस इनपुट के मिलने के बाद एक्टिव हुई टीम ने आनन-फानन में संबंधित इलाके में अपनी रेड डाली. जहां कफ सिरप के अलावा, पुलिस ने 10,000 रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है. इस तरह, जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत 1,28,800 रुपये हो गई है.
कफ सिरप से तलब मिटाते थे आरोपी
गुजरात में इससे पहले भी नशे के लिए कोडीन युक्त और अन्य प्रतिबंधित कफ सिरप के इस्तेमाल और अवैध बिक्री की खबरें और इस रैकेट को तोड़ने के लिए पुलिस की छापेमारी की खबरें सामने अक्सर आती रहती हैं.
गुजरात में शराब बैन है और ऐसे में शराब के आदी लोग कभी-कभी ऐसे कप सिरप का दुरुपयोग करते हैं. तीन साल पहले खेड़ा जिले में नडियाड शहर के पास बिलोदरा गांव में एक दुकानदार ने 50 लोगों को ‘कालमेघसव- आसव अरिष्ट’ नामक आयुर्वेदिक सिरप बेचा था. इस सिरप में कथित तौर पर मिथाइल अल्कोहल मिला हुआ था, जो कि काफी जहरीला होता है. उस कफ सिरप पीने से छह लोगों की मौत हो गई थी.
उस मामले में सात लोगों की गिरफ्तारी हुई थी. दिसंबर, 2023 में उस दौरान सूरत के डीसीपी, एसओजी राजदीप नकुम ने कहा, ‘खेड़ा में आयुर्वेदिक सिरप पीने से छह लोगों की मौत की घटना के बाद, यह कफ सिरप बेचने वालों को पकड़ने के लिए पूरे गुजरात में पुलिस ने छापेमारी की थी. इसके बाद सूरत पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को बड़ी सफलता मिली जिसमें हमने 2195 बोतलें जब्त की हैं.’