कातिल बना पोता: पहले निकलवाया कैश, फिर गला घोंटकर बोरे में भर दिया 78 साल की दादी का शव, सोने की चैन भी निकाली
कर्नाटक के बेलगावी में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है, जहां 78 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में उसके पोते को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ग्रह लक्ष्मी योजना से मिलने वाली रकम निकालने के लिए दादी पर दबाव बनाया. आरोपी ने पैसे निकलवाने के बाद दादी की हत्या करके उनका शव ठिकाने लगाने के लिए उसे डैम में फेंक दिया.
मूल से ज्यादा ब्याज प्यारा होता है, ये कहावत बाबा-दादी के पोते-पोतियों से लगाव की मिसाल के रूप में दी जाती है. बाबा-अंमा कहें दादा-दादी दोनों ने हमेशा से पोते-पोतियों को उनके मंमी-पापा की डांट-फटकार या पिटाई से बचाया है. अपने मासूम बचपन की तमाम मासूम यादों को भुलाकर जब एक पोते ने अपनी 78 साल की दादी की हत्या कर दी तो इस खबर के बारे में जानकर बहुत से लोगों का कलेजा मुंह को आ गया. मामला कर्नाटक के बेलगावी जिले के अरालिकट्टी गांव का है.
पुलिस ने इस घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि गृह लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाले पैसे को लेकर हुए एक विवाद के चलते हुई एक महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने कलेजे का टुकड़ा रहे पोते ने की.
आरोपी ने कबूला गुनाह
मृतका की पहचान हम्मव्वा सनाडी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पोते की पहचान भीमप्पा सनाडी के तौर पर हुई है. यमकनमराडी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया.
कोई इतना निर्दयी कैसे हो सकता है?
पुलिस के मुताबिक, भीमप्पा अपनी दादी से गृह लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली रकम लेने के लिए लगातार दबाव बना रहा था और उन्हें परेशान कर रहा था. 15 नवंबर को हम्मव्वा का शव हिडकल डैम के बैकवाटर में मिला था. शव को एक बोरे में भरा गया था और उसके अंदर एक पत्थर रखा गया था, ताकि शव पानी में डूबा रहे.
यह मामला 10 नवंबर को सामने आया, जब बुजुर्ग महिला लापता हो गई थीं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर अपनी दादी को चांदी के आभूषण खरीदने के बहाने मोटरसाइकिल पर लेकर गया था. वह उन्हें कुंदरगी सोसाइटी ले गया, जहां उसने उनसे पैसे निकलवाए.
इसके बाद वह उन्हें गवी सिद्धेश्वर हिल ले गया, जहां कथित तौर पर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने कथित तौर पर 2,300 रुपये नकद और उनकी सोने की चेन ले ली.
इसके बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरा और उसमें एक पत्थर रख दिया. फिर वह शव को मोटरसाइकिल पर करीब 15 किलोमीटर तक ले गया और हिडकल डैम के बैकवाटर में फेंक दिया.
अपनी भूमिका छिपाने के लिए भीमप्पा ने कथित तौर पर दादी की तलाश करने का नाटक किया. उसने अपने पिता रामप्पा सनाडी को बताया कि हम्मव्वा लापता हैं. दो दिन बाद रामप्पा ने अपनी बहन को अपनी मां के लापता होने की जानकारी दी.
आरोपी ने बाद में अपने पिता को बताया कि उसने बैकवाटर में शव देखा है.
इसके बाद रामप्पा अपने बेटे के साथ बैकवाटर पहुंचे और शव को बाहर निकाला. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अपने पिता को अपराध के बारे में पहले ही बता दिया था.
मामले की जांच जारी
पूछताछ के दौरान भीमप्पा ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने गृह लक्ष्मी योजना के तहत अपनी दादी को मिलने वाली रकम के लिए उनकी हत्या की थी. पुलिस हत्या से जुड़ी परिस्थितियों और वारदात से पहले और बाद में आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है. मामले में अभी और जानकारी सामने आना बाकी है.
गौरतलब है कि गृह लक्ष्मी योजना कर्नाटक सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसे अगस्त 2023 में शुरू किया गया था. इस योजना के तहत पात्र परिवारों की महिला मुखियाओं के खातों में हर महीने सीधे 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इसका उद्देश्य घरेलू खर्च में मदद करना और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाना है.