SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ये चोर तो बड़ा 'जेंटल मैन' निकला... छांट-छांट कर ले गया सिर्फ ब्रांडेड जूते-चप्पल; VIDEO Viral

कोलकाता के कई इलाकों में 40 फ्लैट्स से करीब 1.2 लाख रुपये के जूते चोरी होने का मामला सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में 'जेंटलमैन चोर' की अनोखी हरकत कैद हुई है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. जानें पूरी घटना और पुलिस जांच का अपडेट.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 24, 2026, 15:45 IST | Updated: Nov 24, 2026, 17:42 IST
Image Credit: X- Video Grab- लाखों के गहने नहीं, सिर्फ महंगे जूते चुराता था यह 'जेंटलमैन चोर'; कोलकाता के 40 फ्लैट्स में ऐसे की सफाई
Join

कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में चोरी की एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. यहां पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय 'नबन्ना' से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में रविवार तड़के एक शख्स बड़े इत्मीनान से दाखिल हुआ और करीब 40 फ्लैटों के बाहर रखे 1.2 लाख रुपये कीमत के ब्रांडेड जूते और चप्पल समेट कर रफूचक्कर हो गया.

यह पूरी घटना शिबपुर इलाके की 'हैप्पी गार्डन हाउसिंग सोसाइटी' की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. सोसाइटी के गलियारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर हर कोई हैरान है. वीडियो में दिख रहा है कि यह वारदात रविवार सुबह करीब 5 बजे से ठीक पहले हुई. फुटेज में सुबह 4 बजकर 52 मिनट का समय दर्ज है.

चुन-चुन कर चुराए महंगे और ब्रांडेड जूते-चप्पल

इस वायरल वीडियो में एक शख्स नजर आ रहा है, जिसने सफेद रंग की फुल-स्लीव शर्ट और गहरे रंग की पैंट पहन रखी है. उसके बाल सलीके से कटे हुए हैं और दाढ़ी-मूंछ भी ट्रिम की हुई है. किसी पेशेवर ऑफिसर जैसा दिखने वाला यह चोर नंगे पांव बिना कोई आहट किए कॉरिडोर में टहलता हुआ दिखाई दे रहा है. चोर के चेहरे पर पकड़े जाने का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है. उसने दो मिनट से ज्यादा समय तक बड़े आराम से बंद लकड़ी के शू-रैक और खुले स्टैंड्स की तलाशी ली. उसने चुन-चुनकर महंगे और ब्रांडेड जूते-चप्पल अपने साथ लाए एक चमकदार लाल रंग के कैरी बैग में भरे और सुबह 4 बजकर 54 मिनट पर बड़े आराम से कैमरे की नजर से ओझल हो गया.

यह भी पढ़ेंः 70 रुपए के टोल के लिए ले ली जान! मैनेजर की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एक साल पहले हुई थी शादी

जब मॉर्निंग वॉक के लिए लोग घरों से निकले तब...

सोसाइटी के निवासियों ने इस मामले में शिबपुर पुलिस स्टेशन में सामूहिक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, शातिर चोर ने मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजरों से बचने के लिए उत्तर-पूर्वी हिस्से की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) फांदी और उसी रास्ते से बाहर भी निकल गया. अंदर घुसने के बाद उसने ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी के कई फ्लैटों को निशाना बनाया. रविवार की सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक और अपने काम पर जाने के लिए घरों से बाहर निकले, तो दरवाजे से अपने जूते-चप्पल गायब देखकर सन्न रह गए. दर्जनों लोगों को बिना फुटवियर के परेशान होना पड़ा.

इलाके में चर्चा का विषय, लेकिन दहशत में हैं लोग

भले ही एक टिप-टॉप कपड़े पहने शख्स द्वारा लाल बोरी में जूते-चप्पल भरने की यह घटना पड़ोस में हंसी-मजाक और चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन सोसाइटी के लोग अपनी सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे और चिंता में हैं. इस इमारत में कई बुजुर्ग दंपति अकेले रहते हैं. ऐसे में बाहरी व्यक्ति का इतनी आसानी से सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर आ जाना गंभीर सवाल खड़े करता है. सोसाइटी में रहने वाले एक बुजुर्ग शख्स ने बताया, 'चोर मेरे यूएस पोलो के जूते और मेरी पत्नी की नई सैंडल ले गया, जो काफी महंगी थीं. उसने खासतौर पर ब्रांडेड फुटवियर को ही निशाना बनाया. लोगों को यह भले ही मजेदार लग रहा हो, लेकिन इस इलाके में यह इस तरह की तीसरी घटना है.'

बड़ी वारदात की आशंका, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

एक अन्य स्थानीय निवासी ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा, 'ऐसा लगता है कि वह इस इलाके से अच्छी तरह वाकिफ है. आज वह सिर्फ महंगे जूते-चप्पल चुरा रहा है, कल को वह किसी बड़ी डकैती या लूट की वारदात को भी अंजाम दे सकता है. यह हमारी सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक है.' फिलहाल, सोसाइटी के लोगों ने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग शिबपुर पुलिस को सौंप दी है, जिसमें आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है. निवासियों ने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज करने, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और इलाके में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है.

यह भी पढ़ेंः बीमारी भी ठीक नहीं हुई, पैसे भी गए: अंधविश्वास के नाम पर महिला से लूट, 7.5 लाख ऐंठने वाला बाबा गिरफ्तार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES