बाघिन की गजब चालाकी! 4 फीट गहरी दीवार के नीचे सुरंग बनाकर बाड़े से हुई छूमंतर, दूसरी बार 'रानी' ने दिया चकमा
बिहार से बंगाल लाई गई एक बाघिन अपनी चालाकी और होशियारी से वन विभाग के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. वो दो बार बाड़े से निकल भागी है. अबकी बार तो उसने भागने के लिए बाड़े में सुरंग का रास्ता अपनाया.
पश्चिम बंगाल के जंगलों से एक दिलचस्प और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है. बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बंगाल लाई गई बंगाल की बाघिन 'डुआर्स रानी' ने एक बार फिर वन विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ा दी है. यह बाघिन राज्य के पहले टाइगर री-लोकेशन प्रोग्राम के तहत पश्चिम बंगाल लाई गई थी.
बंगाल से भागकर पहुंच गई थी असम
बिहार से लाने के बाद यह बाघिन बंगाल से निकलकर 100 किमी दूर असम में पहुंच गई थी. वहां से रेस्क्यू कर बंगाल वापस लाए जाने के 5 दिनों के भीतर ही इस शातिर बाघिन ने दोबारा छूमंतर होकर सबको हैरान कर दिया.
असम से लाने के बाद इस बाघिन को बुक्सा टाइगर रिजर्व में 2.2 हेक्टेयर के बड़े बाड़े में रखा गया था, जिससे वह वहां के माहौल में ढल सके. वन विभाग के अफसरों का कहना है कि बाड़े की कंक्रीट की दीवार करीब चार फीट गहरी और दो फीट मोटी थी. इसके साथ ही, वहां पर उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे.
बाड़े की सुरंग खोदकर फरार हो गई बाघिन
इसके बावजूद बाघिन ने अपनी गजब की चालाकी दिखाते हुए मिट्टी खोदी और नींव के नीचे से एक सुरंग बना डाली. ऐसा करके वह वन विभाग के अधिकारियों की आंखों में धूल झोंककर फिर टाइगर रिजर्व से फरार हो गई.
इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब रविवार दोपहर करीब दो बजे वन कर्मियों ने उसे बाड़े में नहीं पाया. इसके बाद बाड़े को जांचा गया तो उसमें सुरंग होने का पता चला. हालांकि, राहत की बात ये है कि उसके गले में रेडियो कॉलर अब भी मौजूद है. उसकी मदद से अधिकारी बाघिन की हरकतों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
रेडियो कॉलर से बाघिन की मिल रही लोकेशन
उस रेडियो कॉलर से मिल रहे सिग्नल से पता चला है कि बाघिन ने बाला नदी पार कर ली है और वह एक बार फिर असम की सीमा की ओर जा रही है. हालांकि जंगल के कुछ हिस्सों में नेटवर्क नहीं है. जिसकी वजह से बीच-बीच सिग्नल टूट रहे हैं. इसके बावजूद बाघिन के रूट का मोटा-मोटा पता जरूर चल रहा है.
अब इस फरार बाघिन को फिर से बाड़े में वापस लाने के लिए महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. उसे तलाशने के लिए 60 से ज्यादा वन रक्षक, तीन प्रशिक्षित हाथियों और कई वरिष्ठ अधिकारियों को मैदान में उतारा गया है. वे बाघिन के रेडियो सिग्नल का पीछा करते हुए उसे जंगलों में ढूंढ रहे हैं.
कोकराझार जिले में किया था सुअर का शिकार
दिलचस्प बात ये है कि इससे पहले भी यही बाघिन बुक्सा से निकलकर असम के रायमोना नेशनल पार्क में पहुंच गई थी. इस दौरान उसने करीब सौ किलोमीटर का लंबा सफर तय किया था. असम के कोकराझार जिले में उसने सुअर का शिकार किया, जिसके बाद वह काफी चर्चा में आई थी.
इसके बाद इंसानी बस्तियों के नजदीक पहुंचने की आशंका को देखते दोनों राज्यों की साझा टीमों ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाया था. जिसके बाद उसे गिलागुरी इलाके में ट्रेंकुलाइज कर बेहोश करके पकड़ लिया गया था.
'डुआर्स रानी' ने छुड़ाए अधिकारियों के छक्के
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल के बुक्सा में बाघों की घटती संख्या को देखते हुए बंगाल सरकार ने उनके दूसरे राज्यों से री-लोकेशन का यह प्रोजेक्ट शुरू किया है. इस प्रोजेक्ट के तहत बिहार से 3 साल की बाघिन को बीते 30 सितंबर को वायुसेना के विमान से बंगाल लाया गया था. बुक्सा में लाने के बाद उसे 2 अक्टूबर को खुले जंगल में छोड़ दिया गया था.
अधिकारियों की योजना बुक्सा क्षेत्र में एक टाइगर यूनिट यानी एक बाघ और दो बाघिनों को बसाने की है. हालांकि, 'डुआर्स रानी' के बार-बार भाग जाने की वजह से वन विभाग की योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है. किसी मस्तमौला की तरह डुआर्स रानी नए-नए पैंतरे अपनाकर फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को छका रही है, जिसके बाद अधिकारी भी परेशान हैं कि उसे बुक्सा वन क्षेत्र में कैसे रोककर रखें.