विदेशी नागरिकों की मौत: स्विमिंग पूल में उतरे थे नहाने, मौत बनकर दौड़ा करंट! फाइव स्टार होटल में हादसा
फाइव स्टार होटल में हुए हादसे में जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिकों की मौत हो गई. वहीं एक अमेरिकी नागरिक और होटल के पूल अटेंडेंट घायल हो गए. दोनों अस्पताल में भर्ती हैं, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. इस मामले ने पांच सितारा होटलों के सुरक्षा इंतजामों पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में हुए हादसे में दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. मौत इस पूल में करंट के रूप में आई. इस दुखद घटनाक्रम के बाद पूल को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है. मृतकों की पहचान 57 साल के जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन और 45 साल के स्लोवाकियाई नागरिक जुराज होर्वाट के रूप में हुई है. मैक्सिमिलियन लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर थे, वहीं होर्वाट आईटी कंपनी आईबीएम में बतौर प्रोजेक्ट मैनेजर काम कर रहे थे. दोनों इसी होटल में ठहरेथे. इसी दौरान मृतकों को बचाने की कोशिश में दो लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है.
पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
यह हादसा होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुआ. अलेक्जेंडर की पत्नी सिल्विया ओटावा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, दोनों विदेशी नागरिक पूल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्हें बिजली का झटका लगा और वो डूब गए. शिकायत में होटल मैनेजमेंट पर स्विमिंग पूल के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है.
अस्पताल से हुई पुष्टि
मणिपाल अस्पताल के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 5:10 बजे चार लोगों को अस्पताल लाया गया था. जर्मन नागरिक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों ने स्लोवाकियाई नागरिक को बचाने के लिए कई कोशिशें की. उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. वहीं घायलों में 41 साल के अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डिसेंटिस और होटल के 28 साल के पूल अटेंडेंट व लाइफगार्ड राहुल तिवारी की हालत खतरे से बाहर है.
पुलिस की पड़ताल जारी
जर्मन नागरिक की पत्नी ओटावा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ओटावा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कॉनराड होटल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच अभी जारी है. वहीं होटल की वेबसाइट पर स्विमिंग पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक मेंटिनेंस के लिए बंद रखने की सूचना दी गई है.
वहीं होटल मैनेजमेंट ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा है कि उनका स्टाफ पुलिस की जांच में अनपा पूरा सहयोग दे रहा है. मैनेजमेंट के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों की जांच भी अभी खत्म नहीं हुई है. इस मामले ने पांच सितारा लक्जरी होटलों के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.