App

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को हराने वाले निर्दलीय राहुल राज पहुंचे भाजपा विधायक दल की बैठक में

राजनीति भी विचित्र होती है. जिस राहुल राज ने एनडीए से बगावत करके जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को हराया, आज वहीं भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होने पटना स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय पहुंचे हैं.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को हराने वाले निर्दलीय राहुल राज पहुंचे भाजपा विधायक दल की बैठक में
Image Credit: राहुल राज बीजेपी कार्यालय पहुंचे (Video Grab)

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को मात देने वाले एनडीए के बागी और निर्दलीय राहुल राज शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे. उन्होंने कहा कि सारण में शिक्षकों की जीत हुई है. यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं है. शिक्षकों ने मुझे सदन भेजने का काम किया है. उन्होंने कहा कि मैंने एनडीए प्रत्याशी को नहीं हराया, कम्युनिस्ट प्रत्याशी को हराया है. अगर कोई व्यक्ति 10 दिनों में कम्युनिस्ट विचारधारा से आकर एनडीए उम्मीदवार बन जाता है, तो कार्यकर्ता उसको स्वीकार नहीं कर पाते. आज मैं फिर से अपने बयान पर कायम हूं. अगर भाजपा-जदयू परिवार का कोई प्रत्याशी चुनावी मैदान में होता, तो जैसे मैंने 20 विधानसभा और 25 विधानसभा का परित्याग किया, पार्टी ने जिसे प्रत्याशी बनाया, उसके साथ हमने मजबूती से खड़ा होने का काम किया. फिर से मैं यही काम करता.

उन्होंने कहा कि आप इस चीज को अच्छे से समझिए कि पिछला चुनाव वो कम्युनिस्ट पार्टी से लड़े और महज 10-15 दिनों पहले कम्युनिस्ट से उन्होंने जदयू ज्वाइन किया था. तो क्या कार्यकर्ता इन सब बातों को स्वीकार कर पाएगा. पार्टी की गठबंधन की मजबूरी रही होगी. मैं उस पर टीका-टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि गठबंधन धर्म भी कोई चीज होती है. राहुल राज ने कहा कि मैं तो इसी घर में था, हूं और भविष्य में भी रहूंगा. मैं इससे अलग कहां रहा? इस विचारधारा से मैं अलग कहां रहा? लेकिन शिक्षकों से मैंने बैठक की.

राहुल राज ने कहा कि बड़े भाई सांसद राजीव प्रताप रूडी साहब के साथ जाकर मैं मुख्यमंत्री जी से मिला. उन्होंने आश्वस्त किया कि जो आपकी बातें हैं, मांगें हैं, वो न्यायसंगत हैं. हम लोग एक-एक करके उसको पूरा करने का काम करेंगे. आप आश्वस्त रहिए और उसी आश्वासन के साथ फिर से मैं अपने घर और परिवार में दिखने का काम करूंगा.

उन्होंने कहा कि मुझ पर कोई दबाव नहीं है. पार्टी ने तो कह रखा है कि सातवां वेतन आयोग के अनुरूप शिक्षकों का वेतनमान किया जाएगा. 
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को लेकर राहुल राज ने कहा, वे मेरे अभिभावक हैं, गार्जियन हैं. आज मेरे भी तो शिक्षा मंत्री वही हैं ना? पूरे बिहार के शिक्षा मंत्री हैं. मैं बिहार से बाहर थोड़े बैठा हूं. उन्हीं से आग्रह करके यह सारी लंबित मांगों को पूरा कराने का काम करूंगा.

पटना से सनी कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author