राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने संभाली कमान, तीरों की बौछार से किया बुराई का अंत; देशभर में धू-धू कर जला रावण
दशहरे पर मंगलवार को जोश और उत्साह के बीच रावण दहन के कार्यक्रम हुए. इनमें दिल्ली सबसे आकर्षण का केंद्र रहा. जहां पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए.
बुराई पर सच्चाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व देशभर में मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया. रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन देखने के लिए विभिन्न शहरों में लाखों लोग उमड़ पड़े. इतने भारी क्राउड को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. रावण दहन के बाद जब उत्सव खत्म हुआ तो काफी जगह जाम भी लग लग गया, जिससे वहां ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया.
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू दिल्ली के दशहरा उत्सव में हुईं शामिल
दशहरा समारोह का मुख्य आकर्षण दिल्ली रहा है, जहां पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अलग-अलग रामलीलाओं में जाकर उत्सव में भाग लिया. राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू दिल्ली के द्वारका में आयोजित रामलीला में मुख्य अतिथि रहीं. उन्होंने उत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा के अवसर पर देश-विदेश के अनेक स्थानों पर आयोजित रामलीलाओं के माध्यम से करोड़ों लोग राम कथा के महान आदर्शों को याद करते हैं.
राष्ट्रपति ने प्रतीक के रूप में धनुष से बाण चलाकर रावण के पुतले में आग लगाई. इसके साथ ही रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले धू-धू करके जल उठे. दशहरा उत्सव में राष्ट्रपति मुर्मू के साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा भी मौजूद थे.
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने चलाया रावण पर तीर
वहीं उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू दिल्ली के लाल किला मैदान में होने वाली लव कुश रामलीला समिति के दशहरा उत्सव में मुख्य अतिथि रहे. उन्होंने प्रभु राम, माता जानकी, लक्ष्मण और भगवान हनुमान की तिलक लगाकर आरती की. इसके बाद तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया.
पीएम मोदी आईपी एक्सटेंशन की रामलीला में बने मुख्य अतिथि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन की रामलीला में मुख्य अतिथि रहे. उन्होंने दशहरा उत्सव को देश की सांस्कृति आत्मा का प्रतीक बताया और सभी लोगों को सच्चाई के मार्ग पर चलने की अपील की. इसके बाद उन्होंने प्रतीकात्मक रूप रूप से तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया.
अलग-अलग राज्यों की बात करें तो यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर की रामलीला में आयोजित दशहरा समारोह में शामिल हुए. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित विजयादशमी समारोह में शामिल हुए.
बिहार के दशहरा उत्सव में दिखा हस्तियों का जमावड़ा
बिहार के पटना मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला. बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी गांधी मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए.
गुजरात में दशहरा उत्सव कार्यक्रम अहमदाबाद के टीसीएच मैदान में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल मुख्य अतिथि रहे. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के परेड ग्राउंड में दशहरा समारोह में शामिल हुए. वहीं, जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के एस.के. स्टेडियम में विजदशमी पर रावण दहन किया गया.