दुबई-तेल अवीव फ्लाइट घटना में आया 'पाकिस्तान एंगल'? प्रियंका चतुर्वेदी के तंज पर भड़की पाक लेखिका, मिला मुंहतोड़ जवाब
दुबई-तेल अवीव फ्लाइट घटना में 'पाकिस्तान एंगल' सामने आने के बाद शिवसेना UBT सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के तंज पर पाकिस्तानी लेखिका भड़क गईं. जानिए क्या है पूरा विवाद और कैसे मिला जवाब.
30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई (Flydubai) की फ्लाइट FZ1073 में हुई चाकूबाजी की इस घटना को लेकर शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तान को लेकर एक कमेंट कर दिया. इस कमेंट के जवाब में एक पाकिस्तानी महिला लेखक ने प्रियंका चतुर्वेदी को जवाब देते हुए लिख दिया- 'ओह शट-अप' इसके बाद प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तानी महिला लेखक को जोरदार फटकार लगाई.
उन्होंने एक्स पर उस पाकिस्तानी महिला को जवाब देते हुए लिखा, 'मैम, यह कहना मुश्किल है, क्योंकि दुनिया भर में ज्यादातर आतंकी गतिविधियों में पाकिस्तान का हाथ रहा है. शायद मुझे चुप रहने के लिए कहने के बजाय, आप पाक सेना से आतंकी ट्रेनिंग कैंप बंद करने के लिए कहें; इससे दुनिया को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. मदद करने में खुशी होगी, लेकिन नहीं, मैं चुप नहीं रहूंगी.'
प्रियंका चतुर्वेदी की पोस्ट पर पाक महिला लेखक का कमेंट
दरअसल जब दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट नंबर FZ1073 को लेकर चाकू बाजी की घटना मीडिया की सुर्खियों में आई तो शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया. प्रियंका चतुर्वेदी ने इस पोस्ट में लिखा, 'क्या फ्लाई दुबई फ्लाइट के को-पायलट को इस मिशन को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान में ट्रेनिंग दी गई थी? वही देश जिसे ऐसी बुरी साजिशों को तैयार करने का सबसे ज्यादा अनुभव है.' प्रियंका चतुर्वेदी की इस पोस्ट के जवाब में पाकिस्तानी महिला लेखक ने लिखा 'ओह शट-अप'
भारतीय मूल के पायलट ने दिखाई बहादुरी
दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाई दुबई के विमान में हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर नया अपडेट सामने आया है. इस घटना में भारतीय कनेक्शन भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि हमलावर का मुकाबला करने वाले पायलट भारतीय थे.
इजरायली मीडिया 'YNet News' और 'Channel 12' की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के कैप्टन का नाम स्मित मच्छर है. बताया गया है कि वह जून 2022 में फ्लाई दुबई से जुड़े थे. उन्हें कंपनी में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन बनाया गया था. स्मित मच्छर इससे पहले भारत की एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट में पायलट के तौर पर काम कर चुके हैं. उन्होंने स्पाइसजेट में 11 साल से ज्यादा समय तक काम किया. इस दौरान वह सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन भी रहे. उनके प्रोफेशनल प्रोफाइल के मुताबिक, स्मित को कमर्शियल विमान उड़ाने का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है. उन्होंने बोइंग 737 विमान पर करीब 9750 घंटे उड़ान भरी है.
को-पायलट ओमान का नागरिक बताया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के को-पायलट के बारे में बताया जा रहा है कि वह ओमान का नागरिक है. दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में चाकूबाजी की घटना के दौरान पायलट ने हमलावर का सामना किया. इजरायली मीडिया की रिपोर्ट में इस घटना के संबंध में भारतीय पायलट स्मित मच्छर का नाम सामने आया है.