SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्राइम कुंडली: 21 की उम्र में 30 से ज्‍यादा गंभीर केस, लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी; कौन है दिल्ली का 'छोटा डॉन' हिमांशु भाऊ

कुख्यात हिमांशु भाऊ का जन्म हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव में हुआ था. उसने महज 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखा था और 21 साल की उम्र आते-आते 'छोटा डॉन' के नाम से मशहूर हो गया.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 24, 2026, 06:51 AM IST | Updated: Oct 24, 2026, 07:45 AM IST
Image Credit: प्रतीकात्मक AI तस्वीर
Join

दिल्ली में 'छोटा डॉन' के नाम से मशहूर कुख्यात हिमांशु भाऊ शुक्रवार (23 अक्टूबर) को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया. भारत में कई आपराधिक मामलों में वांटेड घोषित होने के बाद इंटरपोल ने साल 2023 में उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कर दिया था. पहले उसके पुर्तगाल में छिपे होने की जानकारी मिली थी, लेकिन अब अमेरिका में उसे FBI ने गिरफ्तार किया है. प्रत्यर्पण संधि के तहत अब उसे अमेरिका से भारत लाने की कोशिश की जाएगी, ताकि भारतीय कानून के तहत गैंगस्‍टर हिमांशु भाऊ पर मुकदमा चलाया जा सके.

17 साल की उम्र में बना अपराधी

हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव में जन्मे हिमांशु भाऊ का सन्नी रिटोलिया बताया जाता है. पुलिस रिकॉर्ड्स के अनुसार, अभी उसकी उम्र सिर्फ 21 साल की है. इतनी छोटी उम्र में ही वह भारत के बड़े अपराधियों की लिस्ट में शामिल हो गया था. दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत तमाम राज्यों में उसका आतंक था. देश में हत्या, रंगदारी और किडनैपिंग जैसी कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने के बाद वह विदेश भाग गया था और वहीं से अपने गैंग को ऑपरेट करता था. बताया जाता है कि वह 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में आया था और साल 2020 में हिसार के बाल सुधार गृह से 20 लड़कों के साथ फरार हो गया था. उसके बाद से वह पुलिस को अपने पीछे भगाता ही आ रहा है.

छोटा डॉन से था मशहूर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली और हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में हिमांशु भाऊ का नाम सबसे ऊपर है. महज 21 साल की उम्र में उस पर 30 से ज्यादा गंभीर अपराध के मामले दर्ज हो चुके हैं. उसके आतंक को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने उस पर ₹2.5 लाख और दिल्ली पुलिस ने ₹1 लाख का इनाम घोषित किया था. पिछले कुछ वर्षों से NIA भी उसे तलाश कर रही थी. अब उसकी गिरफ्तारी से कई राज खुलने की संभावना है.

लॉरेंस बिश्नोई का जानी-दुश्मन

जांच एजेंसियों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ की गैंग में कई राज्यों के शातिर बदमाश और शूटर्स शामिल हैं, जिनकी मदद से वह विदेश में बैठकर भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया करता था. साल 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के अंदर तीन हत्याएं हुई थीं. पुलिस का आरोप है कि इन हत्याओं के पीछे हिमांशु भाऊ का हाथ था. इसके अलावा दिल्ली के बर्गर किंग में हुई हत्याकांड में भी उसी का नाम सामने आया था. यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु गैंग ने ही ली थी. जरायम की दुनिया में उसके बढ़ते प्रभाव से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई काफी परेशान हो रखा था. लॉरेंस को सीधी टक्कर देने के लिए हिमांशु ने बंबीहा गैंग, नीरज बवाना और नवीन बाली गैंग से दोस्ती कर रखी थी. वर्चस्व की जंग में दोनों के बीच कई बार गैंग वॉर की खबरें सामने आ चुकी हैं.

जारी हो रखा था इंटरपोल का रेड नोटिस

हरियाणा पुलिस के प्रयासों से इंटरपोल ने गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के खिलाफ अपने सभी सदस्य देशों को एक 'रेड नोटिस' जारी किया है. इसके तहत, यदि 'मोस्ट वांटेड' अपराधी हिमांशु उर्फ ​​'भाऊ' किसी भी सदस्य देश में मिलता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके. वह भारत से फरार है और विदेश में रह रहा है. इस फरार अपराधी का पता लगाने के लिए एक 'लुकआउट सर्कुलर' भी जारी किया गया है. हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रोहतक जिले में 10, झज्जर जिले में 07 और दिल्ली में 01 मामला दर्ज है. ये मामले हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, लूट और जबरन वसूली से जुड़े हैं. यह फरार अपराधी नीरज बवाना और नवीन बाली गिरोह से जुड़ा हुआ है. यह भगोड़ा रोहतक के शिवाजी कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 623/2022 के मामले में भी वांछित है.

फर्जी पासपोर्ट पर देश छोड़कर भागा

हरियाणा पुलिस के मुताबिक, देश छोड़ने के लिए गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने फर्जी नाम, फर्जी पते और जाली पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी से पासपोर्ट हासिल किया था. पासपोर्ट बनवाने के लिए भगोड़े हिमांशु उर्फ ​​'भाऊ' द्वारा जमा किए गए पहचान दस्तावेज फर्जी पाए गए. उसने क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी के सामने फर्जी नाम, पता और जाली दस्तावेज पेश करके पासपोर्ट हासिल किया और देश छोड़कर भाग गया. उन्होंने बताया कि भगोड़ा हिमांशु अभी भी विदेश से जबरन वसूली का रैकेट चला रहा है और व्हाट्सएप के जरिए भारत में अपने पीड़ितों को लगातार कॉल कर रहा है. उसने कई पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी है.

ये भी पढ़ें- शिकंजे में आया भारत का मोस्ट वॉन्टेड, अमेरिका में हिमांशु भाऊ को FBI ने किया गिरफ्तार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES