दिवाली की रात दिल्ली में 'AQI डेटा चोरी'? प्रदूषण चरम पर था, तभी 59 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशन हो गए गायब!
दिल्ली में दिवाली की रात प्रदूषण बढ़ने के दौरान 59 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशन डेटा देना बंद कर चुके थे. इस घटना के बाद AQI के सही आंकड़ों और दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
दिवाली गुजर चुकी है और फिर से दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण पर सियासी धुआं भी उठने लगा है. बताया जा रहा है कि दिवाली की रात दिल्ली का औसत AQI 376 तक पहुंच गया था. प्रदूषण का यह आंकड़ा पिछले 5 वर्षों में सबसे ज्यादा डराने वाला है. हैरानी की बात तो यह है कि प्रदूषण का असली स्तर इससे भी ज्यादा हो सकता है. क्योंकि, जब पटाखे जलाए जा रहे थे और प्रदूषण अपने चरम पर था, उसी वक्त शहर के कई एयर क्वॉलिटी मॉनिटिरिंग स्टेशन ने डेटा देना ही बंद कर दिया था.
दिल्ली के अंदर 59 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन हैं. आंकड़ों के मुताबिक, रात 7 बजे सिर्फ एक स्टेशन से डेटा नहीं मिल रहा था. रात 10 बजे तक यह संख्या बढ़कर 7 हो गई. रात 11 बजे 23 और आधी रात तक डेटा ना देने वाले स्टेशनों की संख्या 29 पहुंच गई. इसके बाद सोमवार रात 1 बजे के आसपास 36 स्टेशनों ने डेटा देना बंद कर दिया था. यानी दिल्ली के 59 में से सिर्फ 23 स्टेशन ही प्रदूषण का आंकड़ा दे रहे थे.
इस मामले को लेकर सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (CSE) की कार्यकारी डायरेक्टर अनामिता रॉय चौधरी ने इस पर सवाल खड़े किए हैं और इसे नागरिकों के लिए बेहद गंभीर भी बताया है. उनका तर्क है कि जब प्रदूषण को मापने के लिए बनाए गए इतने बड़े नेटवर्क पर पैसा खर्च हो रहा है, तो मुश्किल समय में इसका डेटा गायब क्यों हो गया? उन्होंने कहा कि डेटा ना मिलने के चलते नागरिकों को वक्त पर अलर्ट नहीं किया जा सकता.
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर प्रदूषण के आंकड़ों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया. उन्होंने इसे 'डेटा फ्रॉड' बताया. उनका आरोप है कि सरकार असली प्रदूषण को कम दिखाने की कोशिश कर रही है. भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि जहांगीरपुरी के AQI मॉनिटरिंग स्टेशन के पास पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि प्रदूषण का स्तर कम दिखाई दे.
कपिल मिश्रा ने कार्रवाई की बात कही
इस मामले को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने उन मॉनिटिरिंग स्टेशनों की जानकारी मांगी है, जो दिवाली की रात काम नहीं कर रहे थे. साथ ही कार्रवाई कार्रवाई करने का भी भरोसा दिलाया है.