प्रदूषण में सुधार या आंकड़ों में झोल? दिवाली के एक दिन बाद दिल्ली की साफ हवा ने चौंकाया, क्या बोले एक्सपर्ट?
दिवाली के एक दिन बाद एयर क्वॉलिटी में सुधार तो दिखा लेकिन एक्सपर्ट ने इस पर सवाल उठाए हैं. 9 नवंबर को 59 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों का PM2.5 डेटा नदानद था, जिससे पल्यूशन का औसत कम दिखने की आशंका है.
दिवाली के एक दिन बाद, दिल्ली में हवा तकनीकी रूप से पहले से साफ है. इससे लोग हैरान हैं कि त्योहार पर पटाखों के धुएं और पड़ोसी राज्य पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी के बावजूद प्रदूषण का स्तर कैसे कम हो गया.
हालांकि, एक्सपर्ट्स ने इस सुधार के पीछे दो संभावित कारण बताए हैं. हवा की अनुकूल स्थिति, जिसने प्रदूषकों को फैलने में मदद की, और प्रदूषण का स्तर ज्यादा होने के दौरान कई एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों से डेटा का गायब होना.
'सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर' (CREA) में एयर क्वालिटी और एनर्जी एनालिस्ट डॉ. मनोज कुमार ने चिंता जताई है कि 9 नवंबर की सुबह दिल्ली के 59 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों से PM2.5 के आंकड़े गायब थे.
क्या डेटा सेंटर्स से गायब थे आंकड़े?
उन्होंने कहा कि इतने सारे स्टेशनों से डेटा न मिलने के कारण शहर के कुल प्रदूषण औसत पर असर पड़ सकता है, जिससे एयर क्वॉलिटी की एक भ्रामक तस्वीर सामने आ सकती है.
उन्होंने कहा, 'एक तय समय के लिए, दिल्ली के 59 में से लगभग 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों का डेटा गायब था. यह एक बड़ी संख्या है. जब इतने सारे स्टेशनों का डेटा उपलब्ध नहीं होता है, तो शहर का कुल औसत PM2.5 स्तर कम हो सकता है, और हमें उस समय प्रदूषण के स्तर की सही तस्वीर नहीं मिल पाती.'
कुमार ने आगे कहा,'डेटा गायब होने से दैनिक औसत स्तर भी कम हो सकता है, और अगर इन आंकड़ों को हटा दिया जाए, तो इससे AQI की कैलकुलेशन पर भी असर पड़ सकता है.' कुमार ने कहा, असल में, प्रदूषण के जो स्तर बताए गए हैं, वे वास्तविक स्तरों से कम लग सकते हैं.'
कुमार के अनुसार, 9 नवंबर को रात 1 बजे 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर PM2.5 का प्रति घंटे का डेटा गायब था. इससे एक अहम समय के दौरान प्रदूषण डेटा की सटीकता और उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं.
क्या रहे CPCB के आंकड़े?
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को शाम 4:53 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 344 था. इसकी तुलना में, 8 नवंबर को यह 376, 7 नवंबर को 369 और 6 नवंबर को 382 था.
हालांकि, कुमार का कहना है कि इस सुधार की वजह पूरी तरह से डेटा का गायब होना नहीं है. उन्होंने बताया कि मौसम की अनुकूल स्थितियों ने भी दिल्ली-NCR में प्रदूषकों को फैलने (हटने) में मदद की.
उन्होंने कहा, 'अगली सुबह हवा की स्थिति काफी अच्छी थी.हवा की बेहतर स्थिति प्रदूषकों को फैलने में मदद करती है, और यही वजह है कि न केवल दिल्ली में, बल्कि पूरे NCR में हवा बेहतर या साफ रही.'
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अनुकूल हवाएं और मॉनिटरिंग स्टेशनों के डेटा का गायब होना, ये दोनों अलग-अलग मुद्दे हैं, जिनकी अलग-अलग जांच की जानी चाहिए.
दिवाली 2026 का चौथा सबसे प्रदूषित दिन
- एयर क्वॉलिटी में बाद में सुधार होने के बावजूद, दिल्ली में दिवाली 2026 साल का चौथा सबसे प्रदूषित दिन रहा, जिसमें PM2.5 का दैनिक औसत स्तर 257 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर (µg/m³) तक पहुंच गया.
- इससे पहले के दिन भी साल के सबसे प्रदूषित दिनों में शामिल रहे. CREA के अनुसार, दैनिक औसत PM2.5 स्तर के मामले में 5, 6 और 7 नवंबर क्रमशः छठे, सातवें और आठवें नंबर पर रहे.
- 2016 के बाद से, दिल्ली में दिवाली 2026 चौथी सबसे प्रदूषित दिवाली रही, जिसमें PM2.5 का दैनिक औसत स्तर 257 µg/m³ दर्ज किया गया.
- इस बीच, सिरी फोर्ट में PM2.5 का स्तर 1,000 µg/m³ दर्ज किया गया, जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सेंट्रल कंट्रोल रूम (CCR) के पब्लिक पोर्टल पर दिखने वाली सबसे ज्यादा वैल्यू है.
- यह पोर्टल 1,000 µg/m³ से ऊपर की रीडिंग नहीं दिखाता है. इससे यह चिंता पैदा होती है कि क्या ज्यादा प्रदूषण की घटनाओं की असल तीव्रता को ठीक से दर्ज और पेश किया जा रहा है या नहीं.