निशाने पर था कोई और, जाल में फंसा अभिराम: किशोर की हत्या मामले में केरलम पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा
अभिराम हत्याकांड में केरलम पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी के निशाने पर अभिराम नहीं, बल्कि उसका दोस्त था. प्रेम-प्रसंग से जुड़े इस खौफनाक खेल में गलत लड़के की जान चली गई.
अभिराम हत्याकांड में केरलम पुलिस ने उस लड़की को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने उसे इंस्टाग्राम पर मैसेज करके घटनास्थल पर बुलाया था. इस तरह से इस हत्याकांड में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसी के साथ पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में अभिराम की जान गई, लेकिन मुख्य आरोपी के निशाने पर वह नहीं था. मुख्य आरोपी के निशाने पर अभिराम का एक दोस्त था. पुलिस ने बताया कि इस काफी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन गलत लड़के की जान चली गई.
प्रेम-प्रसंग में चली गई अभिराम की जान
पुलिस का कहना है मुख्य आरोपी अपने एक दोस्त को मारना चाहता था, क्योंकि उसकी पूर्व प्रेमिका को लेकर उनके बीच कोई विवाद चल रहा था. जांचकर्ताओं ने बताया कि आरोपियों ने मुख्य आरोपी की मौजूदा प्रेमिका, 18 वर्षीय अनंथा के इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल किया. उन्होंने अभिराम को लुभाने के लिए ऐसा दिखाया जैसे वे उसमें रोमांटिक दिलचस्पी ले रही हो और इस तरह से उसे एक सुनसान जगह पर बुलाया गया था. जब अभिराम वहां पहुंचा, तो उससे उस दोस्त को बुलाने के लिए कहा गया जो उनका असली निशाना था, लेकिन उस दोस्त ने वहां आने से मना कर दिया.
बारिश की वजह से आरोपियों ने बदला प्लान
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अभिराम के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे बुरी तरह से पीटा और फिर बेल्ट से गला घोंट दिया. इसके बाद आरोपियों ने उसके शव को एक बोरे में भर दिया. जांचकर्ताओं का मानना है कि पहले बोरे को पास के किसी जलाशय में फेंकने की योजना थी, लेकिन भारी बारिश के कारण उन्हें इसे एक खाली प्लॉट में ही छोड़ना पड़ा.
03 नवंबर को मिली थी अभिराम की लाश
बता दें कि तिरुवनंतपुरम के श्रीकार्य्यम में अभिराम की लाश बरामद हुई थी. 17 वर्षीय मृतक अभिराम 01 नवंबर की शाम से लापता था. परिवार का आरोप है कि अभिराम के लापता होने की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में जरूरी कार्रवाई नहीं की. बाद में उसकी हत्या का मामला सामने आया. पुलिस जांच में पता चला कि अभिराम को इंस्टाग्राम पर एक लड़की ने मिलने के लिए बुलाया था. हालांकि, यह मैसेज लड़की के प्रेमी की ओर से भेजा गया था. पुलिस ने अब इस मामले में मुख्य आरोपी और लड़की समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
ये भी पढ़ें- 'मेरा दिमाग खराब हो गया है', पत्नी का कटा सिर लेकर मंदिर पहुंचा शख्स, साथ बैठे रहे दोनों बेटे; मंजर देख लोग रह गए दंग