)
तिब्बत के धर्मगुरु और आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को आखिरकार 66 साल बाद भारत में एक स्थाई ठिकाना मिल गया है. केंद्र सरकार ने उन्हें (दलाई लामा) दिल्ली के सबसे वीआईपी इलाके यानी लुटियंस जोन में नया बंगला आवंटित किया है. पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित बंगला नंबर-20 को दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग' के लिए आवंटित किया गया है. VVIP जोन में स्थित इस बंगले की सुरक्षा भी काफी बढ़ा दी गई है. 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के बाहर 'गादेन फोडरंग' की नेमप्लेट लग चुकी है और साफ-सफाई का काम जारी है. इस बंगले की चर्चा इसलिए ज्यादा हो रही है, क्योंकि यहां से पीएम आवास सिर्फ 5 किमी, राष्ट्रपति भवन सिर्फ 3 किमी और संसद सिर्फ 4 किमी की दूरी पर स्थित है.
दलाई लामा को क्यों आवंटित किया बंगला?
दलाई लामा के कार्यालय के मुताबिक, उनकी बढ़ती उम्र को देखते हुए यात्राओं के दौरान होटलों में ठहरने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने में मुश्किलें आ रही थीं. इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है. दलाई लामा के कार्यालय ने बताया कि विदेश मंत्रालय और दलाई लामा के कार्यालय के बीच तालमेल से यह व्यवस्था की गई है. 'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने दलाई लामा के लिए यह बंगला उपलब्ध कराया है.
विदेश मंत्रालय ने पिछले साल आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय को पत्र लिखकर दलाई लामा के कार्यालय के लिए एक बंगले की मांग की थी. हालांकि, इसमें यह नहीं बताया गया था कि यह किसे आवंटित किया जाएगा. आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने अक्टूबर 2025 में 'गादेन फोडरंग' के ऑपरेशनल उद्देश्यों के लिए 'टाइप 7' बंगला आवंटित किया था. सरकार ने बंगले की सुरक्षा इंतजामों के लिए 34.94 लाख रुपये का टेंडर जारी किया था. बता दें कि 1960 से अभी तक दलाई लामा, हिमाचल प्रदेश की एक धर्मशाला में रहते थे और दिल्ली दौरे के दौरान वह होटलों में ठहरते थे.
चीन की टेंशन क्यों बढ़ गई?
भारत सरकार का यह कदम तिब्बती समुदाय के लिए खास अहमियत रखता है. सरकार की ओर से ऐसे वक्त में यह कदम उठाया गया है, जब दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर बहस तेज है और इस मुद्दे पर चीन अपनी दावेदारी जताता रहा है. बता दें कि पिछले साल 2 जुलाई 2025 को दलाई लामा ने अपने उत्तराधिकारी को लेकर कहा था कि इसका अधिकार सिर्फ उनके ट्रस्ट 'गादेन फोडरंग' के पास होगा. इस दौरान उन्होंने कहा था कि उनका उत्तराधिकारी चीन के नियंत्रण से बाहर जन्म लेगा और किसी भी सरकार को इसमें हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है. केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दलाई लामा के बयान का समर्थन किया था. हालांकि, उन्होंने साफ कहा था कि यह बयान उन्होंने सरकार की ओर से नहीं बल्कि, बौद्ध अनुयायी होने के नाते दिया है.
उधर, दलाई लामा के इस बयान पर चीन ने आपत्ति जताई थी. चीन ने भारत को भी इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करने की सलाह दी थी. 'द वायर' की रिपोर्ट के मुताबिक, 4 जुलाई 2025 को चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा था कि अगले दलाई लामा की खोज चीन के भीतर 'गोल्डन अर्न' (स्वर्ण कलश) प्रणाली के तहत होगी और उसे बीजिंग की केंद्रीय सरकार की मंजूरी लेनी होगी. चीन ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह तिब्बत से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप न करे. चीनी विदेश मंत्री ने कहा था कि इसका असर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ सकता है.