SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'अर्नब' के बाद आ रहा 'अकवन': बंगाल की खाड़ी में फिर गहराया चक्रवात का खतरा, जानें किन तटीय राज्यों में हुआ अलर्ट?

देश के पूर्वी तटीय राज्यों के ऊपर फिर से चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है. बंगाल में खाड़ी में उठा तूफान अब तेज हो रहा है, जो चक्रवात 'अकवन' का रूप ले सकता है.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 14, 2026, 18:26 IST | Updated: Nov 14, 2026, 18:33 IST
Image Credit: देश के पूर्वी राज्यों पर चक्रवात अकवन का खतरा मंडरा रहा है
Join

चक्रवात अर्नब के गुजरे हुए अभी ज्यादा वक्त भी नहीं बीता है कि बंगाल की खाड़ी में फिर मौसम से जुड़ी बड़ी हलचल हो रही है. भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात 'अकवन' (Akvan) मजबूत हो रहा है. सोमवार को इसकी गति और तेज हो सकती है, जिससे यह 'चक्रवाती तूफान' का रूप सकता है. मंगलवार तक यह चक्रवात ज्यादा खतरनाक होकर एक 'गंभीर चक्रवाती तूफान' बन सकता है. इस तूफान की आहट के साथ ही तटीय राज्यों, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और तमिलनाडु में बचाव-राहत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

एक साल में तीसरा चक्रवात झेलेगा भारत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठने वाला इस साल यह तीसरा चक्रवात होगा. हालांकि, यह चक्रवात 'अर्नब' जितना शक्तिशाली नहीं होगा, लेकिन इसकी तीव्रता चक्रवात 'मुरासु' से ज्यादा हो सकती है. चक्रवात 'अर्नब' 'बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान' था. वह कैटेगरी 4 के हरिकेन के बराबर था. दूसरी ओर, चक्रवात 'अखबान' एक 'गंभीर चक्रवाती तूफान' की श्रेणी तक पहुंच सकता है, जो कैटेगरी 3 के हरिकेन के बराबर होगा.

रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर विकसित हो रहा एक नया मौसम तंत्र सोमवार, 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है. अगर यह चक्रवात में बदलता है, तो इसका नाम 'अकवन' (Akvan) रखा जाएगा. यह नाम इस बार ईरान की ओर से दिया गया है.

कहां पर लैंडफॉल कर सकता है 'अकवन'?

चक्रवात अकवन कहां लैंडफॉल कर सकता है, इसके बारे में अभी पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन कुछ मौसम मॉडल संकेत दे रहे हैं कि यह प्रणाली उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तटों की ओर बढ़ सकती है. जबकि, तमिलनाडु पर इसका खास असर नहीं दिखाई देगा.

भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि इस मौसमी बदलाव की वजह से बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को अंडमान सागर में और 13 से 16 नवंबर के बीच दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इनकी गति बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.

वहीं, 15 से 17 नवंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की गति बढ़कर 45-55 किमी प्रति घंटे हो सकती है, जो बाद में 65 किमी प्रति घंटे तक हो जाएगी.

चक्रवात को 'अकवन' नाम कैसे मिला?

बताते चलें कि चक्रवातों के नाम रखने की अपनी एक प्रक्रिया है. उत्तरी हिंद महासागर में बनने वाले चक्रवातों का नामकरण 13 देशों - बांग्लादेश, भारत, ईरान, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन की ओर से चक्रीय क्रम में किया जाता है. प्रत्येक देश हर साल अपनी ओर से 13-13 नामों का सुझाव देता है. इस तरह 13 देशों से कुल 169 नाम इकट्ठे हो जाते हैं.

ये भी पढ़ें- एक नदी, दो राज्य और कांग्रेस के दो स्टैंड! मेकेदातु बांध पर क्यों आमने-सामने आए डीके शिवकुमार और तमिलनाडु के कांग्रेसी नेता?

इस बार नए उठने वाले चक्रवात को नाम देने की बारी ईरान की है. उसने इसके लिए पहले से ही 'अकवन' नाम सुझा रखा है. इसलिए आने वाले तूफान का यही नाम होगा. ईरान में यह नाम फारसी पौराणिक कथाओं और ईरान की साहित्यिक परंपरा से जुड़ा हुआ है.

जब रुस्तम ने 'अकवन' से लिया अपना बदला

असल में 'अकवन', फिरदौसी की ओर से रचित फारसी महाकाव्य शाहनामे का एक दैत्य जैसा पात्र है. एक दंतकथा के अनुसार, अकवन एक जंगली गधे का रूप धारण करके महान फारसी नायक रुस्तम को उठा लेता है. वह उससे पूछता है कि क्या उसे समुद्र में फेंकना चाहिए या पहाड़ पर.

रुस्तम जानता है कि वह प्राणी उसकी कही बात के विपरीत काम करेगा, इसलिए वह पहाड़ पर फेंके जाने का अनुरोध करता है. लेकिन अकवन उसे समुद्र में फेंक देता है. वहां से रुस्तम तैरकर बच निकलता है. इसके बाद वह पूरी तैयारी के साथ हमला करके अकवन का वध कर देता है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES