चक्रवात अर्नब का असर: समंदर में भटका जहाज, बाढ़ में फंसे लोग; दिल्ली से लेकर देशभर में कैसा रहेगा मौसम? IMD का अलर्ट
साइक्लोन अर्नब के चलते मौसम का मिजाज आज भी बिगड़ा हुआ रहेगा. इसके असर के चलते कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा, के अलावा आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक झमाझम बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है.
चक्रवात अर्नब आंध्र प्रदेश के तट से टकरा चुका है. आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब ने जमकर तबाही मचाई है. अर्नब के प्रकोप के चलते कई राज्यों में सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की खबरें आई हैं. कई इलाकों में आंधी-तूफान ने लोगों को परेशान किया है. इसका असर अब ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भी पड़ रहा है. चक्रवाती तूफान अर्नब की वजह से ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार भारी बारिश हो रही है. कई इलाकों में तूफानी हवाओं की रफ्तार 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी. चक्रवात अब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन की ओर बढ़ चुका है. इसके बावजूद मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में संभलकर रहने का अलर्ट जारी किया है. गुरुवार को कहां-कहां सावधान रहना है, आइए बताते हैं.
आंध्र प्रदेश का हाल
आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब के चलते भारी बारिश और तेज हवाओं ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात के मद्देनजर राज्य सरकार अलर्ट मोड में है. इसी बीच आंध्र प्रदेश के मंत्रियों ने अलग-अलग इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया है. आंध्र प्रदेश सरकार ने तूफान से किसी भी तरह की जनहानि को टालने के लिए कई एहतियाती उपाय किए हैं.
कहीं पानी का जहाज फंसा, कहीं जेसीबी से रेस्क्यू
आंध्र प्रदेश के समुद्री तट से सल्फर लेकर जा रहा एक मालवाहक जहाज समुद्र में भटकने के बाद अंतरवेदी के पास फंस गया. चक्रवात अर्नब के असर से आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए. एक गांव में घर के अंदर फंसे 5 लोगों को पुलिस ने रस्सियों और जेसीबी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला.
ओडिशा में भी हाल-बेहाल, सतर्क रहने का अलर्ट
अर्नब का असर अब ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भी पड़ रहा है. साइक्लोन अर्नब के असर से रायगढ़ में बारिश जारी है. सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है. डिस्ट्रिक्ट के कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी ने कहा, हम हाई अलर्ट पर हैं. चक्रवात और तेज हवाएं ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के मंदिर की परंपरा को डगमगा नहीं पाईं. मौसम के बिगड़े रूप के बीच 214 फीट ऊंचे शिखर पर बदला गया पतितपावन ध्वज, हालांकि ध्वज पर दिखी रहस्यमयी गांठ ने श्रद्धालुओं की जिज्ञासा बढ़ा दी है.
दक्षिणी ओडिशा के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है. कई जगहों पर बारिश हो रही है. ओडिशा में करीब 30 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
छत्तीसगढ़ के कई स्कूलों में छुट्टी
अर्नब के असर के चलते कई जिलों में बारिश तथा तेज रफ्तार में हवाएं चल रही हैं. रायपुर समेत कई जगहों के स्कूलों में एहतियान छुट्टी घोषित की गई है. सरकार और प्राइवेट स्कूलों के साथ ही कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी छुट्टी है. रायपुर कलेक्टर ने सभी विभागों को सतर्क रहने का आदेश दिया है.
दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने बदली करवट
29 अक्टूबर के मौसम पूर्वानुमान में चक्रवात का असर पूर्वी, मध्य भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के रूप में दिख रहा है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में तो सिक्किम समेत कुछ कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR में भी मौसम ने तड़के चार बजे करवट ली है. इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में कई इलाकों में बिजली कड़कने की खबरें आई हैं. उत्तर भारत के इन हिस्सों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.