जान को खतराः पूर्व सांसद विकास रंजन भट्टाचार्य को मिली धमकी, हाल ही में आवास पर हुआ था हमला
सीपीआईएम के पूर्व राज्यसभा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य के आवास पर हुए हमले की जांच अभी तक पूरी भी नहीं हुई थी कि अब उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है. भट्टाचार्य ने दावा किया कि उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकियां दी गई हैं.
सीपीआईएम के पूर्व राज्यसभा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य को जान से मारने की धमकी मिली है. भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं. उन्होंने बताया कि सुकांता मंडल नाम बताने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और उन्हें तथा उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी. भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी दिवंगत मां के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गईं. वह अब इस मामले में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.
भट्टाचार्य को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी
भट्टाचार्य ने कहा कि मुझे गुरुवार (15 अक्टूबर) की रात करीब 10:47 बजे फोन आया. सुकांता मंडल नाम बताने वाले एक हिंदू कट्टरपंथी ने मुझे और मेरे परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी. उसने मेरी दिवंगत मां के बारे में भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. इस तरह की अपमानजनक भाषा और अभद्र व्यवहार कट्टरपंथियों की पहचान है. मैं इस मामले में मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार कर रहा हूं. अगर जरूरत पड़ी, तो मैं अपने आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करूंगा.
आवास पर हमले मामले में एक गिरफ्तार
बता दें कि पिछले हफ्ते ही दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके के पुरबालोक में भट्टाचार्य के आवास पर हमला हुआ था. आरोप है कि तड़के एक नकाबपोश व्यक्ति दोपहिया वाहन पर आया और उसने उनके घर पर शराब की बोतलें फेंकीं. उस समय भी भट्टाचार्य ने आरोप लगाया था कि इस मामले का आरोपी एक हिंदू कट्टरपंथी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बप्पा गुचैत नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. उसकी पहचान तृणमूल कांग्रेस के एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में हुई है.
भट्टाचार्य के खिलाफ भी शिकायत दर्ज
वहीं दूसरी ओर, भट्टाचार्य के इस बयान को लेकर एक हिंदुत्ववादी समूह ने उनके खिलाफ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि भट्टाचार्य ने हिंदू धर्म के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की हैं. FIR दर्ज होने से पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भी उनके बयान की आलोचना की थी. मुख्यमंत्री ने कहा था कि भट्टाचार्य के इस बयान से पूरा हिंदू समाज नाराज है. मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगर सीपीआई (एम) नेता ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- आईएएनएस