META BJP KA BETA... बेंगलुरु की सड़कों पर कांग्रेस ने क्यों लगवाई मार्क जुकरबर्ग की फोटो?
बेंगलुरु की सड़कों पर 'मेटा बीजेपी का बेटा' लिखे पोस्टरों और मार्क जुकरबर्ग की तस्वीरों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. जानिए कांग्रेस ने क्यों लगवाए ये पोस्टर, इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि क्या है और मेटा व बीजेपी पर क्या आरोप लगाए गए हैं.
कर्नाटक की राजनीति और सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक नया विवाद छिड़ गया है. कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस (KPYC) ने दिग्गज टेक कंपनी 'मेटा' (Meta) के खिलाफ बेंगलुरु में एक बड़ा अभियान शुरू किया है. युवा कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक पक्षपात करने, फर्जी खबरों (Fake News) और नफरत भरे भाषणों (Heate Speech) को रोकने में विफल रहने और यूजर्स की प्राइवेसी से समझौता करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.
इस विरोध प्रदर्शन के तहत बेंगलुरु के कई प्रमुख इलाकों में मेटा और इसके सीईओ मार्क जुकरबर्ग को निशाना बनाते हुए पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) के अनुसार, ये बैनर न्यू एयरपोर्ट रोड स्थित सदहल्ली गेट, टोल प्लाजा के पास और चिक्कजाला जैसे व्यस्त इलाकों में लगाए गए हैं.
बेंगलुरु की सड़कों पर 'मार्क बीजेपीर्ग' के पोस्टर
इन पोस्टरों में मार्क जुकरबर्ग को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की गणवेश (पोशाक) में दिखाया गया है. पोस्टर पर जुकरबर्ग को 'मार्क बीजेपीर्ग' (Mark BJPerg) नाम दिया गया है और साथ ही एक नारा भी लिखा गया है-'मेटा बीजेपी का बेटा'. कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी इन पोस्टरों की तस्वीरें साझा की हैं. अपनी एक पोस्ट में संगठन ने लिखा, 'बीजेपी का बेटा मेटा नम्मा बेंगलुरु में आ गया है! मार्क बीजेपीर्ग मेटा से भी ज्यादा मशहूर हो रहे हैं.'
कंटेंट मॉडरेशन और पारदर्शिता पर उठे सवाल
इस पूरे अभियान का नेतृत्व कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच. एस. मंजूनाथ गौड़ा कर रहे हैं. युवा कांग्रेस का आरोप है कि मेटा अपने प्लेटफॉर्म पर कंटेंट मॉडरेशन की नीतियों को सभी राजनीतिक दलों के लिए एक समान रूप से लागू नहीं करता है.
यह भी पढ़ेंः नीतीश से चंद्रबाबू नायडू तक, अब अकाली दल की घर वापसी; NDA में कितने पुराने साथी लौटे?
संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किसी भी राजनीतिक दल के पक्ष में काम नहीं कर सकते और उन्हें निष्पक्ष रहना चाहिए. युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कंपनी हेट स्पीच और फर्जी खबरों से निष्पक्ष तरीके से निपटने में नाकाम रही है. संगठन ने मांग की है कि मेटा अपने कामकाज के तरीकों में अधिक पारदर्शिता लाए.
इंस्टाग्राम अकाउंट्स ब्लॉक करने को लेकर बढ़ा विवाद
इस विरोध की एक बड़ी वजह भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) से जुड़े इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर की गई कार्रवाई भी है. 21 नवंबर को 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट में युवा कांग्रेस ने दावा किया कि भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को कथित तौर पर भाजपा के आदेश पर ब्लॉक (विदहेल्ड) कर दिया गया था.
प्रदर्शन के बाद बहाल हुए अकाउंट्स
युवा कांग्रेस ने अपने बयान में आगे दावा किया कि जब इस कार्रवाई के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया, तो उसके महज 15 मिनट के भीतर ही दोनों अकाउंट्स को फिर से बहाल (रिस्टोर) कर दिया गया.
अकाउंट्स के इतनी जल्दी बहाल होने पर तंज कसते हुए युवा कांग्रेस ने इसे एक 'संयोग' करार दिया. संगठन ने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर इन अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाया गया था. इसके साथ ही, युवा कांग्रेस ने मांग की है कि विपक्ष की आवाजों, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स पर लगाए गए सभी तरह के प्रतिबंधों को तुरंत हटाया जाए.
राजनीतिक टकराव का रूप लेता मामला
सोशल मीडिया पर सामग्री की निगरानी और राजनीतिक तटस्थता का यह मुद्दा अब कर्नाटक में एक बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया है. कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वे मेटा से निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवहार की मांग जारी रखेंगे, ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाया न जा सके.
यह भी पढ़ेंः सोनिया गांधी का इटली वाला घर क्यों खरीदा था? बिजनेसमैन ने दिया क्लियर जवाब; अब राहुल गांधी से की ये खास अपील