App

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में प्रखंड प्रमुख का बेटा गिरफ्तार, धमकी देने के मामले में मां भी गई जेल, जानिए लोहरदगा का सनसनीखेज मामला

लोहरदगा जिला में पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में प्रखंड प्रमुख के बेटे को दबोचा लिया है. वहीं, धमकी देने के मामले में मां को भी गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में प्रखंड प्रमुख का बेटा गिरफ्तार, धमकी देने के मामले में मां भी गई जेल, जानिए लोहरदगा का सनसनीखेज मामला
Image Credit: लोहरदगा: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में प्रखंड प्रमुख का पुत्र दबोचा (File-Photo)

झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और पीड़िता के परिवार को धमकाने से जुड़े मामले में पुलिस ने प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उनके बेटे प्रकाश उरांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले में नामजद प्रखंड प्रमुख के निजी चालक दीपेंद्र भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की

कुड़ू थाना प्रभारी नीरज झा के अनुसार सोमवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि दुष्कर्म से जुड़े मामले में आरोपी प्रकाश उरांव और उसकी मां मुन्नी देवी बड़की चांपी स्थित अपने घर आए हुए हैं. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की.

पुलिस ने इनको हिरासत में लेकर जेल भेज दिया

पुलिस की दबिश की भनक लगते ही प्रकाश उरांव और चालक दीपेंद्र भारती भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर प्रकाश को पकड़ लिया और मुन्नी देवी को भी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया.

पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज

दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, कुंदगढ़ा गांव के रहने वाले प्रकाश उरांव पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. चिकित्सकीय जांच में किशोरी के करीब छह महीने की गर्भवती होने की पुष्टि के बाद मामला सामने आया और पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई. इसके बाद पीड़िता के पिता ने 21 अक्टूबर को कुड़ू थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया.

गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी

परिजनों का आरोप है कि घटना उजागर होने के बाद जब वे न्याय की मांग को लेकर प्रखंड प्रमुख के आवास पहुंचे तो मुन्नी देवी और निजी चालक दीपेंद्र भारती ने उन पर केस वापस लेने का दबाव बनाया और इनकार करने पर गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी.

पुलिस फरार आरोपी दीपेंद्र भारती की तलाश में छापेमारी कर रही

इसी आरोप के तहत दोनों के नाम भी मामले में जोड़े गए. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी दीपेंद्र भारती की तलाश में छापेमारी कर रही है और प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच जारी है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More