'पीएम मोदी मेरा फोन टैप करा रहे', राहुल गांधी का सरकार पर निशाना; कहा- सारे सबूत मेरे पास
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उनके फोन को केंद्र सरकार टैप करा रही है. एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि मेरे फोन में सारे सबूत मौजूद हैं. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी मेरे से एक बार डिबेट करें. इससे पहले भी राहुल ने कई बार पीएम मोदी को डिबेट करने के लिए चैलेंज दिया है.
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बड़ा दावा कर सनसनी फैला दी है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का कहना है कि उनके फोन को टैप कराया जा रहा है. राहुल गांधी ने आरोप लगाए कि मेरे सभी आरोपों के सबूत मेरे फोन में हैं, जिसको पीएम नरेंद्र मोदी टैप करा रहे हैं.
वहीं, राहुल गांधी ने एक बार फिर से दोहराया कि वन-ऑन-वन बहस से साबित हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के सामने काम कर रहा, देश के विरोध में कौन है और कब से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है. राहुल ने कहा कि कई ऐसी जानकारी मेरे पास हैं, जो मेरे फोन में मौजूद हैं, जिसको सरकार टैप करा रही है.
राहुल गांधी का डिबेट वाला चैलेंज
शुक्रवार (13 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' सेशन के दौरान राहुल गांधी से जब पूछा गया कि जब बीजेपी संसद में बहस के लिए तैयार है, तो वह सार्वजनिक बहस पर क्यों इतना जोर दे रहे हैं. इसी सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में उन्हें बोलने नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद कर दिया जाता है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें कृषि कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर बोलने नहीं दिया गया. राहुल गांधी का आरोप है कि वह सीधे मुद्दे की बात करना चाहते हैं वह लंबे भाषण वाली बहस नहीं चाहते हैं.
बहस के बाद मोदी जी पीएम नहीं रहेंगे
राहुल गांधी का कहना है कि वह चाहते हैं कि पीएम मोदी एक साइड बैठें और दूसरी तरफ वह बैठें. दोनों के बीच सीधे सवाल जवाब हों. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी जिसको भी चाहते हैं कि वह बहस का जज बना सकते हैं. अपने इस सेशन में राहुल गांधी ने कहा कि मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद मोदी जी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे. बता दें कि इससे पहले भी राहुल गांधी कई बार पीएम मोदी को बहस के लिए चुनौती दे चुके हैं.
बीजेपी ने कहा- संसद में करें बहस
राहुल गांधी के इस चैलेंज पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी थी. बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी की चुनौती को खारिज किया था और आरोप लगाया कि गांधी संसद में बहस से बचते हैं. हाल में ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि संसद में बहस के लिए पहले से उपलब्ध मंच है और राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर गंभीरता और जिम्मेदारी दिखानी चाहिए.
यह भी पढ़ें: 'भारत की पहल पर पूरा विश्व योग दिवस मनाता है': प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में बोले PM मोदी
यह भी पढ़ें: 'स्टेशन में छठ के गीत बज रहे, मैं 2 मिनट नमाज पढ़ता तो जेल भेज देते...’, वारिस पठान का तीखा तंज