SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सादी वर्दी में आए दिल्ली पुलिस के 50 जवान, गुरुग्राम से हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी

सीजेपी प्रोटेस्ट के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम से यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में लिया है. ध्रुव राठी सीजेपी प्रोटेस्ट को समर्थन देने भारत आए थे. इस पर अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह सरकार के सामने नहीं झुकेंगे.

Written By Rachit Kumar
Published: Oct 10, 2026, 09:47 AM IST | Updated: Oct 10, 2026, 10:18 AM IST
Image Credit: CJP Protests
Join

सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट है और सेंट्रल दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने सीजेपी प्रदर्शन में शामिल होने से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में ले लिया है. यह दावा सीजेपी के एक्स अकाउंट से किया गया है. सीजेपी ने एक्स पर कहा कि शनिवार सुबह 8 बजे दिल्ली पुलिस के 50 जवान सादी वर्दी में ध्रुव राठी के गुरुग्राम वाले घर पर पहुंचे और उनको हिरासत में ले लिया. वहीं, अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह नरेंद्र मोदी सरकार के सामने नहीं झुकेंगे.

दूसरी ओर, CJP प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसके चलते दिल्ली मेट्रो के संचालन पर भी असर पड़ा है. वायलेट लाइन के जामा मस्जिद, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, जंगपुरा और लाजपत नगर मेट्रो स्टेशनों प्रवेश और निकासी रास्ते बंद कर दिए गए हैं और शाम 6 बजे तक इनको बंद रखा जाएगा.

युवाओं को वापस भेजा जा रहा है

पुलिस गाड़ियों को चेक कर रही है.कार से दिल्ली जा रहे युवाओं को वापस भेजा जा रहा है. प्रदर्शन का केंद्र नई दिल्ली का जंतर-मंतर है. CJP और सहयोगी संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. आयोजकों ने करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का दावा किया है. इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है. इसके बावजूद आयोजकों ने प्रदर्शन करने की घोषणा की है. सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट्स पर पाबंदियां लगाई गई हैं. दिल्ली मेट्रो के कई अन्य स्टेशनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी कम की जा सकती है.

AAP और वामपंथी संगठनों का समर्थन

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने परिवार के साथ शामिल होने की घोषणा की है. AAP सांसद संजय सिंह ने कहा है कि प्रदर्शन CJP की ओर से आयोजित किया जा रहा है, लेकिन उनकी पार्टी के कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे.

वामपंथी छात्र संगठनों AISA, SFI और AISF के साथ AAP के छात्र संगठन ASAP और कई युवा संगठनों ने भी प्रदर्शन में भाग लेने की घोषणा की है. इनमें DYFI, AIYF, RYA, RYF, AIDYO और AIYL शामिल हैं. कांग्रेस ने इस संयुक्त प्रदर्शन में शामिल होने से दूरी बनाई है, जबकि उसके छात्र संगठन NSUI ने अलग से विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES