)
'छठ पूजा' की आज (शुक्रवार, 13 नवंबर) को नहाय-खाय के साथ शुरुआत हो गई है. आस्था के महापर्व को लेकर दिल्ली से लेकर मुंबई तक सियासत भी खूब देखने को मिल रही है. दिल्ली में छठ के दौरान यमुना नदी में 'मरी हुई मछलियां' मिलने पर बीजेपी और AAP में सियासी युद्ध शुरू हो गया है, तो वहीं मुंबई में रेलवे स्टेशनों पर 'भोजपुरी गीत' बजने से राज ठाकरे की पार्टी 'मनसे' बिफर गई है. दरअसल, दिल्ली में बीजेपी सरकार की ओर से छठ के लिए काफी भव्य तैयारियां की गई हैं, लेकिन छठ पूजा से पहले यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने का मामला सामने आया है. दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का आरोप है कि सरकार की छवि खराब करने के लिए कुछ अज्ञात लोग जानबूझकर यमुना नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं. उन्होंने इस मामले को लेकर सोनिया विहार थाने में FIR भी दर्ज कराई है.
AAP पर प्रवेश वर्मा के गंभीर आरोप
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसके लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 2 साल के अंदर यमुना नदी को साफ करके दिखा दिया, इससे आम आदमी पार्टी बौखला गई है. प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि AAP के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने सरकार की छवि खराब करने के लिए यमुना नदी में मरी हुई मछलियां डाली हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए भी इन लोगों को पूर्वांचलियों से नफरत थी, जो आज तक बरकरार है. मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि हम इस मामले की जांच कराएंगे और दोषियों को छोड़ेंगे नहीं. हमने FIR भी दर्ज करवाई है और आगे भी सख्त कारवाई की जाएगी.
बीजेपी के आरोपों पर AAP का पलटवार
मंत्री प्रवेश वर्मा के आरोपों पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने पलटवार किया है. आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मंत्री प्रवेश वर्मा मौखिक कह रहे हैं कि मरी हुई मछली कहीं से लाकर यमुना में डाली गई हैं, मगर शिकायत में ये बात कहीं नहीं लिखी है. उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि मछलियां प्रदूषित पानी से मरी होंगी. आप नेता ने कहा कि सरकार शायद डर गई है कि जांच होगी तो यमुना के प्रदूषण की पोल खुल जाएगी. उन्होंने दिल्ली सरकार को जांच कराने का चैलेंज देते हुए कहा कि हजारों मछलियां कैसे मर गईं, इसकी जांच करानी चाहिए. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मंत्री प्रवेश वर्मा जांच से डर गए हैं.
मंत्री @p_sahibsingh मौखिक कह रहे हैं कि मरी हुई मछली कहीं से लाकर यमुना में डाली गई मगर शिकायत में ये बात कहीं नहीं लिखी है । सभी जानते हैं मछलियाँ प्रदूषित पानी से मरी होंगी। शायद डर गए कि जाँच होगी तो यमुना के प्रदूषण की पोल खुल जाएगी । सरकार जांच करवाये कि हज़ारों मछलियाँ कैसे मर गई ? जाँच से डर गए मंत्री प्रवेश वर्मा ?
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) November 12, 2026
मुंबई में भोजपुरी गीतों पर रार!
दिल्ली की तरह मुंबई में भी छठ पर सियासी संग्राम देखने को मिल रहा है. यहां रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीतों को बजाए जाने से राज ठाकरे भड़क गए हैं. मनसे अध्यक्ष ने बीजेपी पर मराठियों का अपमान करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि छठ पूजा के नाम पर बीजेपी, महाराष्ट्र में मराठी और उत्तर भारतीयों के बीच विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी की तरफ से हिंदू-मुस्लिम विवाद उठाया जाता है, जबकि विधानसभा चुनाव के समय पार्टी जातियों के बीच मतभेद बढ़ाने की कोशिश करती है.
राज ठाकरे ने मराठी लोगों से सतर्क रहने और बीजेपी के कथित जाल में नहीं फंसने की अपील की है. रेलवे स्टेशन पर भोजपुरी गाने बजाए जाने का भी जिक्र करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने इन गानों को बंद करवाया. उन्होंने कहा कि मराठी समाज को अपनी रणनीति खुद तय करनी चाहिए. किसे जवाब देना है, कब देना है और कैसे देना है, इसका फैसला सही समय पर किया जाएगा.