SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पश्चिम बंगाल विधानसभा में बड़ा उलटफेर: कलकत्ता हाई कोर्ट ने रद्द की बागी TMC नेता ऋतब्रत बनर्जी की LoP नियुक्ति, चीफ व्हिप का फैसला भी खारिज

कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में हुई दो बड़ी नियुक्तियों को सिरे से खारिज कर दिया है. कोर्ट ने स्पीकर के उस आदेश को पलट दिया, जिसके तहत TMC के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी को LoP और अखरुज्जमां को चीफ व्हिप बनाया गया था.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 27, 2026, 16:02 IST | Updated: Nov 27, 2026, 16:27 IST
Image Credit: कलकत्ता हाई कोर्ट ने रद्द की बागी TMC नेता ऋतब्रत बनर्जी की LoP नियुक्ति....
Join

पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर है. कलकत्ता हाई कोर्ट ने विधानसभा स्पीकर के फैसले को बड़ा झटका दिया है. कोर्ट ने TMC के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष (LoP) बनाने का आदेश रद्द कर दिया है. इसके साथ ही अखरुज्जमां की चीफ व्हिप पद पर नियुक्ति भी खारिज कर दी है. मामले की सुनावई करते हुए जस्टिस कृष्णा राव की बेंच ने साफ कहा कि यह नियुक्ति कानून के तहत टिकने योग्य नहीं है. कोर्ट ने स्पीकर को 10 दिनों के भीतर इस फैसले पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया है.

हाई कोर्ट का यह डिसीजन TMC के ममता बनर्जी गुट के नेता सोभनदेब चट्टोपाध्याय की याचिका पर पर सुनवाई के बाद आया है. उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष (LoP) बनाए जाने के स्पीकर के फैसले को कोर्ट में चैलेंज किया था.

आखिर क्या है यह पूरा विवाद?

दरअसल, हाल में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के बाद ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) राज्य की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनकर उभरी थी. नियम के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष का पद उसी पार्टी को मिलता है. इसलिए TMC ने बाकायदा एक चिट्ठी लिखकर विधानसभा स्पीकर को बताया था कि उन्होंने अपने सीनियर विधायक सोभनदेब चट्टोपाध्याय को इस पद के लिए चुना है. लेकिन बवाल तब हुआ जब TMC के ही कुछ विधायकों ने पार्टी से बगावत कर दी.

3 जून को हुई थी ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति

ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई वाले बागी गुट ने भी नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर अपना दावा ठोक दिया. हैरानी की बात यह रही कि विधानसभा स्पीकर ने मुख्य पार्टी (TMC) के फैसले को नजरअंदाज किया और बागी गुट की बात मानते हुए 3 जून को ऋतब्रत बनर्जी को ही नेता प्रतिपक्ष घोषित कर दिया.

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ विधायक सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने याचिका में स्पीकर के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार यानी खुद सोभनदेब को नजरअंदाज कर दिया गया था. स्पीकर ने उनकी जगह TMC के एक बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बना दिया था. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट को इस विवाद को जल्द सुलझाने का निर्देश दिया था.

याचिका में क्या दलील दी गई थी?

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, स्पीकर के इस फैसले के खिलाफ शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दी. उनकी दलील थी कि स्पीकर ने राजनीतिक दल के आधिकारिक फैसले की अनदेखी की है. यह मामला पहले सिंगल बेंच और फिर डिवीजन बेंच के पास गया. अगस्त में डिवीजन बेंच ने एक अंतरिम व्यवस्था के तहत ऋतब्रत बनर्जी को दो महीने तक पद पर बने रहने की इजाजत दी थी और सिंगल बेंच को इस मुख्य विवाद पर अंतिम फैसला लेने को कहा था. सिंगल बेंच ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 21 नवंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. अब हाई कोर्ट ने ऋतब्रत की नियुक्ति को रद्द करते हुए गेंद वापस स्पीकर के पाले में डाल दी है.

ये भी पढ़ें:  'अहम विधेयक लेकर आ रहे...', परिसीमन बिल की अटकलों के बीच रिजिजू का बड़ा बयान; विपक्ष को दी खास सलाह

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES