पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की फ्रांस यात्रा को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार के बीच चल रहे कानूनी विवाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री मान को बड़ी राहत दी है. सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री मान की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरे की आशंका जताई थी, वहीं पंजाब सरकार ने केंद्र के फैसले को भेदभावपूर्ण बताते हुए सवाल उठाए थे. हाई कोर्ट ने सीएम मान को फ्रांस जाने की अनुमति दे दी है.
इससे पहले हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार की उस याचिका को स्वीकार कर लिया था, जिसमें मुख्यमंत्री मान, मुख्य सचिव और सीएम के प्रधान सचिव वाले 3 सदस्यीय डेलिगेशन को राजनीतिक मंजूरी से इनकार करने को चुनौती दी गई थी. चाचिका के मुताबित इस डेलिगेशन को राज्य में कारोबार को बढ़ावा देने के मकसद से 'सियाल' की एक प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए 17 से 21 अक्टूबर तक पेरिस जाना था.
अदालत ने कहा कि विदेशी सरकार की ओर से उचित निमंत्रण न होने का दावा 'स्वीकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि सियाल (SIAL) द्वारा 22 सितंबर को भारत में फ्रांसीसी दूतावास को जो पत्र भेजा गया था, उसमें लिखा था, 'हमें मिस्टर भगवंत मान को अपने विजिटर्स की सूची में शामिल करके बेहद खुशी हो रही है... हमें भरोसा है कि ये आयोजन भगवंत मान के लिए फ्रांसीसी और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के साथ पेशेवर संबंध स्थापित करने और अनुबंधों पर बातचीत करने का एक शानदार अवसर है.'
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान कोई आधिकारिक भूमिका न होने के दूसरे तर्क को खारिज करते हुए हाई कोर्ट की बेंच ने कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि वो खुद इस डेलिगेशन को लीड कर रहे हैं.
पंजाब की सरकार ने केंद्र की दलीलों पर जवाब देते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री पहले जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की यात्रा कर चुके हैं और उन यात्राओं के लिए मंजूरी दी गई थी. ऐसे में अब फ्रांस यात्रा के मामले में अलग रवैया अपनाना सही नहीं है. जैसे दूसरे देशों के प्रतिनिधि भारत आते हैं तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारत सरकार भूमिका निभाती है. उसी तरह केंद्र सरकार फ्रांस के अधिकारियों से बातचीत कर मुख्यमंत्री की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करवा सकती है.
बीजेपी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रस्तावित फ्रांस यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस समय में पंजाब नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और कानून-व्यवस्था की समस्याओं से जूझ रहा है, मुख्यमंत्री मान विदेश दौरे पर जा रहे हैं.
बीजेपी की ये आलोचना पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा मान की यात्रा को मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद सामने आई है.