SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पीएम मोदी का मेगा शो: कर्नाटक को 15,600 करोड़ की सौगात, नई वंदे भारत भी दौड़ेगी; कहां-कहां बदलेगी तस्वीर?

प्रधानमंत्री मोदी आज कर्नाटक और गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं. शुक्रवार से शुरू हुआ ये दौरा शनिवार को खत्म होगा. इस दौरान पीएम मोदी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे. प्रधानमंत्री कई सांस्कृतिक और शैक्षिणिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वो अपने गृह राज्य गुजरात के एक मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 13, 2026, 07:36 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 09:15 AM IST
Image Credit: (एक्स)
Join

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) के आवासीय मुख्यालय परिसर 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे, अपने कर्नाटक दौरे की शुरुआत 'स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान' (S-VYASA) के आवासीय मुख्यालय परिसर, 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होकर करेंगे. इस मौके पर स्वर्ण जयंती प्रशासनिक ब्लॉक की आधारशिला रखने के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा के ऑफ कैंपस का शुभारंभ किया जाएगा. 'विकसित भारत 2047 की ओर' विषय पर 13 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाला ये स्वर्ण जयंती समारोह संस्थान के निर्माण और सेवा के पांच दशकों का प्रतीक है.

1975 में स्थापित प्रशांति कुटीरम की स्थापना आधुनिक विज्ञान और भारत की आध्यात्मिक ज्ञान परंपरा के समन्वय के उद्देश्य से की गई थी. यह एस-व्यासा का मुख्य केंद्र है, जिसे  2002 में डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी का दर्जा दिया गया था. यह संस्थान योग शिक्षा और योग अनुसंधान के क्षेत्र में समर्पित रूप से कार्य करता है. ये कार्यक्रम श्री होंगासंद्रा वेंकटरामैया शेषाद्रि जी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में भी आयोजित किया जाएगा. वो एक प्रख्यात विचारक, लेखक और संगठनकर्ता थे, जिनका जन्म 1926 में बेंगलुरु में हुआ था. वो 1946 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और 1987 से 2000 तक इसके 'सरकार्यवाह' के रूप में कार्य किया.

वे एस-व्यासा के दूरदर्शी संस्थापकों में से एक थे. उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन ने दशकों तक 'प्रशांति कुटीरम्' के विकास को आकार देने और संस्थान के मिशन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

बेंगलुरु को सौगात

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे, उनकी आधारशिला रखेंगे और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इन परियोजनाओं में शहरी आवागमन, बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं.

प्रधानमंत्री बेंगलुरु मेट्रो की 'पिंक लाइन' (कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक) का उद्घाटन करेंगे, जिसे लगभग 3,470 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है. यह नया खंड बेंगलुरु में शहरी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, रोजमर्रा के आवागमन को आसान करेगा, यात्रा के समय को कम करेगा और सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को मजबूत करेगा.

प्रधानमंत्री कोप्पल-II और गदग-II में रिन्यूएबल एनर्जी जोन (नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र) के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना (चरण-II)' का भी उद्घाटन करेंगे. जिसे करीब 4,450 करोड़ रुपए के निवेश से विकसित किया गया है. ये ट्रांसमिशन सिस्टम कर्नाटक के कोप्पल और गदग क्षेत्रों से लगभग 2 GW (गीगावाट) नवीकरणीय ऊर्जा को बाहर निकालने (इवैक्यूएशन) में मदद करेगा, ताकि इसे ग्रिड के माध्यम से आगे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके.

कहां-कहां बदलेगी तस्वीर?

वहीं बीदर में सोलर एनर्जी जोन के लिए ट्रांसमिशन योजना का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिसे करीब 1,370 करोड़ रुपए के निवेश से तैयार किया गया है. इस परियोजना में एक 'बीदर पूलिंग स्टेशन' की स्थापना शामिल है, जो इस क्षेत्र से 2.5 GW सौर ऊर्जा को बाहर निकालने (इवैक्यूएशन) में मदद करेगा.

प्रधानमंत्री दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (रिन्यूएबल एनर्जी जोन) के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन योजना की आधारशिला भी रखेंगे. इस परियोजना में 3,450 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया जाएगा.

वे दावणगेरे और बल्लारी में 1,100 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से ट्रांसमिशन सिस्टम स्ट्रेंथनिंग प्रोजेक्ट (पारेषण प्रणाली सुदृढ़ीकरण परियोजना) की आधारशिला भी रखेंगे, जिसका उद्देश्य अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को ग्रिड में शामिल करना है.

प्रधानमंत्री मंगलुरु में भारत के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र (स्टोरेज कैवर्न) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे 850 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनाया गया है. 80,000 मीट्रिक टन की भंडारण क्षमता वाली यह सुविधा भारत के एलपीजी भंडारण बुनियादी ढांचे को काफी मजबूत करेगी.

इस परियोजना में 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है, जो न्यू मंगलौर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ती है, जिससे एलपीजी के कुशल परिवहन और भंडारण में मदद मिलेगी.

इसके अलावा प्रधानमंत्री बेंगलुरु में मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र के नाम समर्पित करेंगे. 330 करोड़ रुपए के निवेश से बनी यह अत्याधुनिक सुविधा कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी.

प्रधानमंत्री बेंगलुरु के हरलाकंटे में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखेंगे. यह प्लांट रोजाना लगभग 300 टन म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट (नगरपालिका के ठोस कचरे) को प्रोसेस करके 12.6 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन करेगा. 

ये परियोजना वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देगी, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करके स्वच्छ तथा टिकाऊ पर्यावरण बनाने में योगदान देगी.

प्रधानमंत्री 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत फिर से विकसित किए गए चार रेलवे स्टेशनों- चामराजनगर, चिकमगलूरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे. इन पुनर्विकसित स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ये शहर के केंद्रों के रूप में काम करेंगे, जिससे स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

प्रधानमंत्री 284 किलोमीटर लंबी 'गदग-होस्पेट डबलिंग परियोजना' के हिस्से के रूप में 45 किलोमीटर लंबी बागलकोट-वंडल रेलवे लाइन के डबलिंग सेक्शन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. यह सेक्शन यात्रियों और माल की आवाजाही को बेहतर बनाएगा. स्थानीय व्यापार को समर्थन देगा और कुडगी एनटीपीसी प्लांट तक कोयले की आपूर्ति को आसान बनाएगा.

प्रधानमंत्री 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलवे सेक्शन के विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. भारत के सबसे कठिन रेलवे इलाकों में से एक से गुजरने वाला यह प्रोजेक्ट एक बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि है. इसके पूरा होने के साथ पूरा बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग अब पूरी तरह से विद्युतीकृत हो गया है.

प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. मडगांव पहुंचने से पहले, ये ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुर्देश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेगी. जिससे यात्रियों को फायदा होगा और इस इलाके में टूरिज्म को जबरदस्त तरीके से बढ़ावा मिलेगा.

'स्काई थियेटर'

प्रधानमंत्री 'कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल' का उद्घाटन करेंगे, जो देश में तारामंडल तकनीक और खगोल विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति है. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (आईआईए) द्वारा निर्मित, 'कॉसमॉस-मैसूर' भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल है. खगोल विज्ञान शिक्षा और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में परिकल्पित यह तारामंडल, चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में मैसूर विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित है.

इस अत्याधुनिक सुविधा में 15 मीटर का एक झुका हुआ गुंबद है, जिसमें लगभग 6,150 पैनल लगे हैं और इनमें कुल 4.2 करोड़ एलईडी हैं. पारंपरिक तारामंडलों (प्लेनेटेरियम) के विपरीत जहां एक स्थिर गुंबद पर प्रोजेक्टर की मदद से तस्वीरें दिखाई जाती हैं, यहां के एलईडी पैनलों को रियल-टाइम में नियंत्रित किया जा सकता है. इससे एक शानदार विजुअल अनुभव मिलता है और खगोल विज्ञान की शिक्षा के लिए नई संभावनाएं खुलती हैं.

'स्काई थियेटर' में खगोल विज्ञान से जुड़े पेशेवर कार्यक्रम दिखाए जाएंगे. साथ ही यहां एक ऐसी फिल्म भी दिखाई जाएगी जो मैसूर के इतिहास और खगोल विज्ञान के बीच के संबंध को दर्शाती है. ये शो कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में उपलब्ध होंगे.

इस केंद्र में प्रदर्शनी हॉल, खगोल विज्ञान से जुड़े मॉडल और कलाकृतियों वाला एक संग्रहालय, एक लेक्चर हॉल, एक प्रशिक्षण केंद्र और बाहर की तरफ इंटरैक्टिव (संवादात्मक) प्रदर्शनियां भी होंगी.
इस केंद्र की गतिविधियां इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स (भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान) के कार्यों में सहायक होंगी. इनमें भारत और अंतरिक्ष में मौजूद मल्टी-वेवलेंथ टेलीस्कोप सुविधाओं का संचालन, भविष्य की खगोलीय सुविधाओं का विकास और राष्ट्रीय स्तर के आउटरीच कार्यक्रम शामिल हैं.

कर्नाटक के व्यस्त दौरे के बाद पीएम मोदी शुक्रवार की शाम गुजरात रवाना होंगे. वो13 नवंबर की शाम को अहमदाबाद पहुंचेंगे और गांधीनगर के लोक भवन में रात रुकेंगे. शनिवार को, प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली लौटेंगे.

संबंधित खबरें

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES